
बैठकों में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने, बूथ स्तर तक कांग्रेस की संरचना को मजबूत करने, जनहित के मुद्दों पर निरंतर संघर्ष करने तथा आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य केवल संगठन का विस्तार करना नहीं, बल्कि प्रत्येक बूथ पर जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाने वाला सक्रिय कार्यकर्ता तैयार करना है।

इससे पूर्व रविवार देर शाम गुरुग्राम शहरी जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें गुरुग्राम विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक चर्चा की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, सदस्यता विस्तार, बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क अभियान को गति देने पर विशेष जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देश के करोड़ों मतदाताओं की आवाज़ का प्रतिनिधित्व करते हैं। यदि नेता प्रतिपक्ष महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मुद्दों पर अपनी बात रखना चाहते हैं तो संसदीय नियमों और परंपराओं के अनुरूप उन्हें पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए। सरकार को यह समझना होगा कि असहमति लोकतंत्र की कमजोरी नहीं, बल्कि उसकी सबसे बड़ी ताकत है। सत्ता पक्ष और विपक्ष एक-दूसरे के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी हो सकते हैं, लेकिन संसदीय लोकतंत्र में दोनों की भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण है।
प्रभारी संजय दत्त ने देश के विभिन्न राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ से उत्पन्न गंभीर स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हजारों परिवारों के घर, खेत और आजीविका बर्बाद हो गई है तथा अनेक लोग राहत शिविरों में जीवन बिताने को मजबूर हैं। ऐसे कठिन समय में केंद्र सरकार को युद्धस्तर पर राहत एवं पुनर्वास कार्य चलाने चाहिए थे, लेकिन उसकी संवेदनशीलता और तत्परता अपेक्षित स्तर पर दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में राजनीति नहीं, बल्कि पीड़ितों की तत्काल सहायता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। केंद्र सरकार को प्रभावित राज्यों के लिए पर्याप्त आर्थिक सहायता जारी कर राहत, पुनर्वास और मुआवजे की प्रक्रिया में तेजी लानी चाहिए, ताकि प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत मिल सके।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक चुनौतियों जैसे मूलभूत मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि देश का युवा रोजगार की तलाश में भटक रहा है, छोटे व्यापारी और मध्यम वर्ग बढ़ती महंगाई के बोझ से दबे हुए हैं, लेकिन केंद्र सरकार इन समस्याओं के समाधान के बजाय केवल प्रचार पर अधिक ध्यान दे रही है। कांग्रेस आमजन से जुड़े हर मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी और जनता की आवाज़ बनकर संघर्ष करेगी।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने राष्ट्रमंडल खेलों (कॉमनवेल्थ गेम्स) में शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने कठिन परिश्रम और समर्पण के बल पर भारत का तिरंगा विश्व मंच पर ऊंचा किया है। प्रदेश सरकार को ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का सम्मान करते हुए उन्हें उनकी उपलब्धियों के अनुरूप सरकारी नौकरी, सम्मानजनक पद तथा अन्य आवश्यक सुविधाएँ प्रदान करनी चाहिए, ताकि प्रदेश के अन्य युवा भी खेलों के प्रति प्रेरित हों और हरियाणा खेलों में अपनी अग्रणी पहचान को और मजबूत बना सके।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।