Follow

रु डेढ़ करोड़ की स्वीकृत अनुदान राशि से जल्द लगेगी आधुनिक लिफ्ट, खरीदे जाएंगे चिकित्सा उपकरण

राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने साकेत अस्पताल में लिफ्ट स्थापना कार्य की समीक्षा की, जल्द पूरा करने के दिए निर्देश

राज्यपाल ने लोक निर्माण मंत्री के साथ की परियोजना की समीक्षा

राज्य में चल रही आधारभूत संरचना विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी भी ली

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 25 जून। हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा के साथ पंचकूला स्थित मदर टेरेसा साकेत ऑर्थोपेडिक अस्पताल में लिफ्ट स्थापना कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि अस्पताल में आने वाले मरीजों, विशेषकर दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों तथा उनके परिजनों को बेहतर और सुगम सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।

Advertisement

राज्यपाल से लोक भवन, चंडीगढ़ में आज लोक निर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने  शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विभिन्न विकास कार्यों पर चर्चा हुई।

प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि जनहित से जुड़े ऐसे सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाना चाहिए जिससे लोगों को इनका लाभ शीघ्र मिल सके।

उल्लेखनीय है कि राज्यपाल द्वारा पंचकूला स्थित साकेत अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा स्वास्थ्य अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 1.50 करोड़ रुपये की अनुदान राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि में से 1 करोड़ रुपये आधुनिक लिफ्ट की स्थापना तथा 50 लाख रुपये आवश्यक चिकित्सा एवं अन्य उपकरणों की खरीद पर व्यय किए जाएंगे।

बैठक के दौरान राज्यपाल ने प्रदेश में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की भी समीक्षा की। पेयजल व्यवस्था पर चर्चा करते हुए उन्होंने श्री रणबीर गंगवा, जो जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग का दायित्व भी संभाल रहे हैं, को राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

प्रो. असीम कुमार घोष ने राज्य में चल रही आधारभूत संरचना विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी भी प्राप्त की तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए विकास कार्यों में निरंतर गति बनाए रखने पर बल दिया।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh