Follow

मनरेगा मुद्दे को लेकर 25 फरवरी को विधानसभा का घेराव करेगी हरियाणा कांग्रेस : राव नरेंद्र सिंह

Listen to this article

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 20 फरवरी। मौजूदा सरकार द्वारा मनरेगा में किए गए बदलाव को लेकर कांग्रेस काफी आक्रोशित नजर आ रही है। इसको लेकर कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्तर पर और प्रदेश स्तर पर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी प्रकरण को लेकर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अगवाई में कांग्रेस पार्टी 25 फरवरी 2026 को हरियाणा विधानसभा का घेराव करेगी। जानकारी देते हुए प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि यह घेराव केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की भाजपा सरकार की उस कुटिल साजिश के खिलाफ है, जो महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को  समाप्त करने पर तुली हुई है। यह 'मनरेगा बचाओ संग्राम' का निर्णायक दौर है।

राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि इस विधानसभा घेराव प्रदर्शन में प्रदेश प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद कुमारी सैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला तथा दीपेंद्र सिंह हुड्डा, सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल, प्रफुल्ल गुड्ढे, सभी सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, जिला अध्यक्ष एवं हजारों समर्पित कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।

Advertisement

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि यह केवल प्रदर्शन नहीं, बल्कि भाजपा की जन-विरोधी नीतियों के खिलाफ आग़ाज़ होगा। उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि मनरेगा के नाम पर ग्रामीण श्रमिकों को ठगा जा रहा है – काम के नाम पर खाली पेट का आलम, भुगतान में महीनों की लंबी देरी, और राज्य सरकार की उदासीनता ने लाखों गरीब परिवारों को भुखमरी की कगार पर धकेल दिया है। केंद्र की यह साजिश मनरेगा को कमजोर करने की है, जो गरीबों, मजदूरों और किसानों के शोषण का अप्रत्यक्ष प्रमाण-पत्र है। भाजपा की गरीब श्रमिक विरोधीमानसिकता अब बेनकाब हो चुकी है – वह लोकतंत्र को कुचलने और अमीरों की जेब भरने के लिए ग्रामीण भारत को तबाह करने पर उतारू हैं।

प्रदेशाध्यक्ष ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि कांग्रेस पार्टी हरियाणा के लुटे-पिटे श्रमिकों, बर्बाद किसानों और संकट में डूबे परिवारों के हक की इस  जंग को अंतिम सांस तक लड़ेगी। हम भाजपा सरकार को इन जन-विरोधी नीतियों का हिसाब चुकाने के लिए घुटनों पर लाएंगे।

राव नरेंद्र सिंह ने साफ-साफ चेताया कि 25 फरवरी का विधानसभा घेराव पूर्णतः शांतिपूर्ण, संवैधानिक और लोकतांत्रिक होगा। इसमें प्रदेशभर से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता, मनरेगा के पीड़ित श्रमिक और उनके परिवार भाग लेंगे। यह घेराव भाजपा सरकार की तानाशाही को आईना दिखाने का ऐतिहासिक क्षण होगा।

हरियाणा कांग्रेस 'मनरेगा बचाओ संग्राम' के जरिए ग्रामीण भारत की रक्षा के लिए कटिबद्ध है।

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh