Follow

भाजपा का कार्यकर्ता निर्माण ही राष्ट्र निर्माण की नींव : डॉ. अर्चना गुप्ता

भाजपा कार्यकर्ता ही सरकार और जनता के बीच सशक्त सेतु : डॉ गुप्ता
 
‘पंच परिवर्तन’ से सामाजिक जागरण का लक्ष्य,संगठनात्मक ढांचा और अधिक मजबूत करने की शुरुआत : प्रदीप जैन

न्यूज़म ब्यूरो 

चंडीगढ़, 19 फरवरी। भाजपा जिला रोहतक इकाई द्वारा भाजपा कार्यालय ‘मंगलकमल’ में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के तहत जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष एडवोकेट रणवीर सिंह ढाका ने की। अभियान का उद्देश्य मंडल से लेकर शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त, संगठनात्मक रूप से सक्षम और समाज सेवा के प्रति समर्पित बनाना है।

प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता ने “कार्यकर्ता निर्माण”  विषय पर बोलते हुए कहा कि प्रशिक्षण केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि कार्यकर्ता को गढ़ने और उसे राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करने की प्रक्रिया है। उन्होंने कहा, “जो सीखता है, वही आगे बढ़ता है।” भाजपा का मूल मंत्र ‘संगठन ही शक्ति है’ है और संगठन की मजबूती व्यक्ति निर्माण से ही संभव है।

डॉ. गुप्ता ने बताया कि 7 मार्च से 14 अप्रैल तक प्रदेश के सभी 377 मंडलों में चरणबद्ध रूप से प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इन शिविरों में संगठन की संरचना, बूथ प्रबंधन, सोशल मीडिया संचालन, जनसंपर्क, चुनावी रणनीति और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सफल हो सकते हैं।

Advertisement

उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘एकात्म मानववाद’ और ‘अंत्योदय’ के सिद्धांत भाजपा की वैचारिक आधारशिला हैं। इन्हीं सिद्धांतों पर चलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने धारा 370 हटाने, तीन तलाक समाप्त करने, श्रीराम मंदिर निर्माण और आत्मनिर्भर भारत जैसे ऐतिहासिक निर्णय लिए। यह निर्णायक नेतृत्व और स्पष्ट नीति का परिणाम है।

प्रदेश महामंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा ‘विकसित हरियाणा’ के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, ई-टेंडरिंग प्रणाली, परिवार पहचान पत्र और अंत्योदय आधारित योजनाएं सुशासन के उदाहरण हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को इन योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी ताकि वे सरकार और जनता के बीच सशक्त सेतु बन सकें।

भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रदीप जैन ने “पंच परिवर्तन” विषय पर बोलते हुए कहा कि यह महाअभियान केवल औपचारिक प्रशिक्षण नहीं, बल्कि संगठनात्मक को और अधिक मजबूती प्रदान करने का व्यापक प्रयास है। उन्होंने ‘पंच परिवर्तन’ के संकल्प को विस्तार से रखते हुए कहा कि भाजपा समाज में पांच प्रमुख बदलावों —सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी व आत्मनिर्भरता, कर्तव्यबोध और परिवार प्रबोधन— को जनआंदोलन का रूप देना चाहती है।

प्रदीप जैन ने कहा कि सामाजिक समरसता से समाज में विभाजन की मानसिकता समाप्त होगी और एकता को बल मिलेगा। पर्यावरण संरक्षण के तहत जल बचाओ, स्वच्छता और हरित अभियान को गति देना जरूरी है। स्वदेशी और आत्मनिर्भरता से स्थानीय उद्योग और युवाओं को रोजगार मिलेगा। कर्तव्यबोध से नागरिकों में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी, जबकि परिवार प्रबोधन भारतीय संस्कृति और मूल्यों को सशक्त करेगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल चुनावी भूमिका तक सीमित नहीं है, बल्कि वह समाज परिवर्तन का वाहक है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

जिलाध्यक्ष एडवोकेट रणवीर सिंह ढाका ने कहा कि जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर तक सुदृढ़ संगठन निर्माण इस अभियान का लक्ष्य है। प्रशिक्षण टोली मंडल और शक्ति केंद्रों पर जाकर कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक अनुशासन, डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग और जनसंपर्क कौशल का प्रशिक्षण देगी।

जिला मीडिया प्रभारी पंकज भारद्वाज ने बताया कि कार्यक्रम में प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल,प्रदेश सचिव रेणु डावला प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर खरक, सुखबीर चंदेलिया, राज शर्मा, मनमोहन गोयल, सरिता नारायण, राजू सहगल, रेखा रोहिल्ला, मीना वाल्मीकि, आशा शर्मा,देवराज सांपला, ज्योत्सना रोहिल्ला, वीणा सिक्का, पंकज छाबड़ा, कविता इंदौरा, बबीता सोनी, नवीन ढुल,नागेंद्र शर्मा, अंकित शर्मा, रमेश अत्री, नरेंद्र खट्टर, दीपक हुडा, रेनू डाबला, कर्नल राजेंद्र सिंह सुहाग, कर्नल संदीप नैन, जयसिंह लाकड़ा सहित सभी 15 मंडलों के अध्यक्ष, प्रभारी और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026, भाजपा संगठन को नई ऊर्जा देगा और ‘विकसित भारत–विकसित हरियाणा’ के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh