Follow

मनरेगा मुद्दे को लेकर 25 फरवरी को विधानसभा का घेराव करेगी हरियाणा कांग्रेस : राव नरेंद्र सिंह

न्यूज़म ब्यूरो 

चंडीगढ़ : मौजूदा सरकार द्वारा मनरेगा में किए गए बदलाव को लेकर कांग्रेस काफी आक्रोशित नजर आ रही है। इसको लेकर कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्तर पर और प्रदेश स्तर पर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी प्रकरण को लेकर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अगवाई में कांग्रेस पार्टी 25 फरवरी 2026 को हरियाणा विधानसभा का धमाकेदार और अटल घेराव करेगी। जानकारी देते हुए प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि यह घेराव केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की भाजपा सरकार की उस कुटिल साजिश के खिलाफ है, जो महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को  समाप्त करने पर तुली हुई है। यह 'मनरेगा बचाओ संग्राम' का निर्णायक दौर है। 

राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिशा निर्देश अनुसार इस विधानसभा घेराव प्रदर्शन में प्रदेश प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद कुमारी सैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला तथा दीपेंद्र सिंह हुड्डा, सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल, प्रफुल्ल गुड्ढे, सभी सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, जिला अध्यक्ष एवं हजारों समर्पित कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि यह केवल प्रदर्शन नहीं, बल्कि भाजपा की जन-विरोधी नीतियों के खिलाफ आग़ाज़ होगा।

 
उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि मनरेगा के नाम पर ग्रामीण श्रमिकों को ठगा जा रहा है – काम के नाम पर खाली पेट का आलम, भुगतान में महीनों की लंबी देरी, और राज्य सरकार की उदासीनता ने लाखों गरीब परिवारों को भुखमरी की कगार पर धकेल दिया है। केंद्र की यह साजिश मनरेगा को कमजोर करने की है, जो गरीबों, मजदूरों और किसानों के शोषण का अप्रत्यक्ष प्रमाण-पत्र है। भाजपा की गांव-विरोधी, गरीब-द्रोही और मजदूर-शत्रु मानसिकता अब बेनकाब हो चुकी है – वे लोकतंत्र को कुचलने और अमीरों की जेब भरने के लिए ग्रामीण भारत को तबाह करने पर उतारू हैं।
 
प्रदेशाध्यक्ष ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि कांग्रेस पार्टी हरियाणा के लुटे-पिटे श्रमिकों, बर्बाद किसानों और संकट में डूबे परिवारों के हक की इस  जंग को अंतिम सांस तक लड़ेगी। हम भाजपा सरकार को इन जन-विरोधी नीतियों का हिसाब चुकाने के लिए घुटनों पर लाएंगे।
 
राव नरेंद्र सिंह ने साफ-साफ चेताया कि 25 फरवरी का विधानसभा घेराव पूर्णतः शांतिपूर्ण, संवैधानिक और लोकतांत्रिक होगा। इसमें प्रदेशभर से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता, मनरेगा के पीड़ित श्रमिक और उनके परिवार भाग लेंगे। यह घेराव भाजपा सरकार की तानाशाही को आईना दिखाने का ऐतिहासिक क्षण होगा।
 
हरियाणा कांग्रेस 'मनरेगा बचाओ संग्राम' के जरिए ग्रामीण भारत की रक्षा के लिए कटिबद्ध है।
 
वहीं राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि यह कृत्य न केवल एक जघन्य और अक्षम्य अपराध है, बल्कि संवैधानिक लोकतंत्र का सीधा अपमान भी है। उन्होंने कहा कि जब देश के नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति को धमकी दी जाती है, तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों और संस्थाओं पर हमला माना जाना चाहिए।
 
उन्होंने गहरा अफसोस जताते हुए कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि अब तक उस आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति के विरुद्ध न तो कोई एफआईआर दर्ज की गई है और न ही सरकार की ओर से कोई ठोस एवं कठोर कदम उठाया गया है। उन्होंने मांग की कि मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर दोषी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि कानून का राज कायम रहे और लोकतांत्रिक मर्यादाओं की रक्षा हो सके। 
 
 
Advertisement
Tap to Refresh