Listen to this article
“कांग्रेस जनता के हकों की लड़ाई हर मोर्चे पर जारी रखेगी” : दीपेंद्र हुड्डा
न्यूज़म ब्यूरो
सोनीपत / चंडीगढ़, 14 फरवरी। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में सोनीपत में राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ विशाल धरना-प्रदर्शन किया। इस अवसर पर सांसद दीपेंद्र हुड्डा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धर्मपाल मलिक एवं सांसद सतपाल ब्रह्मचारी विशेष रूप से उपस्थित रहे और जनसमूह को संबोधित किया।
प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मौजूदा सरकार तुगलकी फरमानों के माध्यम से जनता को अनावश्यक रूप से परेशान कर रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान की मूल भावना—समानता, न्याय एवं जनकल्याण—सरकार की नीतियों से आहत हो रही है।
उन्होंने भारत–अमेरिका ट्रेड डील को देश की कृषि अर्थव्यवस्था और किसानों के हितों के विरुद्ध बताते हुए कहा कि इस समझौते के माध्यम से विदेशी कंपनियों को भारतीय बाजार में अनियंत्रित प्रवेश देने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे घरेलू किसानों की उपज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। इससे न केवल खाद्यान्न सुरक्षा बल्कि कृषि आत्मनिर्भरता भी खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने प्रश्न उठाया कि क्या वैश्वीकरण के नाम पर देश की कृषि क्रांति की उपलब्धियों को कमजोर करना उचित है?

बुढ़ापा पेंशन योजना में बदलाव पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि पेंशन का मापदंड बच्चों की आय से जोड़ना पूरी तरह अनुचित है। यह योजना बुजुर्गों को सम्मान और सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से बनाई गई थी, किंतु सरकार के इस निर्णय से बुजुर्गों के सम्मान को ठेस पहुंच रही है।
राशन कार्ड से नाम काटे जाने के मामलों पर उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को बिना ठोस कारण के योजनाओं से वंचित किया जा रहा है, जो खाद्य सुरक्षा के अधिकार के विपरीत है।
एचपीएससी में भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर उन्होंने सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि हरियाणा के युवाओं की उपेक्षा कर बाहरी राज्यों के उम्मीदवारों को प्राथमिकता देना प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं के साथ अन्याय है। यह सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है।
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान सरकार ऐसे नियम और शर्तें लागू कर रही है, जिनसे आमजन जीवन के हर क्षेत्र में परेशान है। उन्होंने कहा कि भारत–अमेरिका ट्रेड डील से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गहरा आघात पहुंचेगा और इसका सीधा असर देश की जीडीपी पर पड़ेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी बुजुर्गों, किसानों और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी और दमनकारी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करती रहेगी।

धर्मपाल मलिक ने कहा कि जनता सरकार की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त है, लेकिन आवाज उठाने वालों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सदैव राष्ट्रहित और समाजहित में कार्य करती आई है और आगे भी जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि सरकार जनहित के मुद्दों पर गंभीर विमर्श करने के बजाय विपक्षी नेताओं पर निराधार आरोप लगाने में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि किसान पहले से ही आर्थिक संकट से जूझ रहा है और नई नीतियां उसकी स्थिति को और गंभीर बना देंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से आमजन की जेब खाली हो रही है जबकि सत्ताधारियों को लाभ पहुंच रहा है। कांग्रेस पार्टी जनता के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ निरंतर संघर्षरत रहेगी।
धरना-प्रदर्शन के दौरान इंदुराज भालू (विधायक), संजीव दहिया (प्रधान, ग्रामीण जिला कांग्रेस), कमल दीवान (प्रधान, शहरी जिला कांग्रेस), जगबीर सिंह मलिक (पूर्व विधायक), जयवीर वाल्मीकि (पूर्व सीपीएस), सुरेंद्र पवार (पूर्व विधायक), पदम सिंह दहिया (पूर्व विधायक), सुखबीर फरमाना (पूर्व विधायक), प्रदेश युवा अध्यक्ष निशित कटारिया, मनोज बागड़ी (चेयरमैन, एससी डिपार्टमेंट), वर्धन यादव (अध्यक्ष, ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी, गुरुग्राम), जय भगवान आंतिल (पार्टी प्रत्याशी, राई विधानसभा), जयवीर आंतिल, अभिनव राजेश शर्मा सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस पार्टी ने स्पष्ट किया कि वह प्रदेश की जनता के सम्मान, अधिकार और भविष्य की रक्षा के लिए हर लोकतांत्रिक मंच पर संघर्ष जारी रखेगी।
What are your
Feelings