Follow

विकसित भारत में रहेगी हरियाणा की महत्वपूर्ण भूमिका : नायब सिंह सैनी

Listen to this article

नई दिल्ली में एक निजी कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने की शिरकत

न्यूज़म ब्यूरो

नई दिल्ली, 14 फरवरी : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 में विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा है, इसे पूरा करने में हरियाणा की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही है। नई-नई योजनाएं बनाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री शनिवार को नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे।  

Advertisement

इस दौरान उन्होंने कहा कि हरियाणा निवेशकों की पहली पसंद बना हुआ है। हरियाणा सरकार ने पिछले बजट में 10 नई आईएमटी बनाने की घोषणा की थी। इनमें से 6 आईएमटी पर तेजी से काम चल रहा है बाकि 4 आईएमटी का काम भी जल्द पूरा किया जाएगा। जीएसटी में प्रदेश पहले स्थान पर है। हरियाणा में रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर इतना बेहतर है कि साढ़े तीन से चार घंटे में एक कोने से दूसरे कोने में जाया जा सकता है। दिल्ली एयरपोर्ट, चंडीगढ़ एयरपोर्ट और हिसार एयरपोर्ट की सीधे कनेक्टिविटी है। इन सभी को ध्यान में रखकर निवेशक निरंतर हरियाणा में आ रहे हैं, इससे विकसित भारत में हरियाणा की महत्वपूर्ण भूमिका रहने वाली है। 

हरियाणा ने हर क्षेत्र में बनाई पहचान 

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 1966 में जब हरियाणा- पंजाब से अलग होकर एक नया प्रदेश बना तो हर किसी को प्रदेश की तरक्की पर शक था लेकिन हरियाणा ने तेजी से तरक्की की और अपनी अलग पहचान बनाई। आज भारत की सेना में हर दूसरा जवान हरियाणा से है। खेलों में यदि भारत के  मेडल आते हैं तो उसमें सबसे ज्यादा योगदान हरियाणा के खिलाड़ियों का होता है। फॉर्च्यून 500 कंपनियों में से 250 हरियाणा में काम कर रही हैं। आटोमोबाइल मैन्यूफैक्चिरिंग में हरियाणा देश में पहले स्थान पर है। प्रदेश सरकार जल्द ही नई इंडस्ट्रियल पॉलिसी लाने वाली है। इससे और निवेशक प्रदेश की ओर आकर्षित होंगे।

प्लॉनिंग से स्थापित किया जा रहा इंडस्ट्रियल इन्फ्रास्ट्रक्चर 

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में इंडस्ट्रियल इन्फ्रास्ट्रक्चर ऐसी प्लॉनिंग के साथ स्थापित किया जा रहा है कि आने वाले 50 सालों तक कोई दिक्कत न आए। गन्नौर में फ्रूट मंडी बनकर लगभग तैयार है। वहीं खारी बावली की ड्राई फ्रूट मार्किट, मार्बल मार्किंग और अमृतसर की मजीद मार्किंट को भी हरियाणा में स्थापित करने की योजना है। वहां के व्यापारियों ने हरियाणा में स्थापित होने वाली मंडी में आने के लिए रूचि दिखाई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा अब प्राकृतिक खेती में भी पहचान बनाएगा। वहीं पर्यावरण का विशेष ध्यान रखते हुए उन्होंने किसानों से पराली न जलाने का आह्वान किया। इसके बाद 95 प्रतिशत तक पराली जलाने की घटनाओं में कमी आई। बेहतर पराली प्रबंधन के लिए माननीय न्यायालय ने प्रदेश का उदाहरण दिया है। 

प्रधानमंत्री ने देश को बदलने का किया काम 

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 55 साल देश पर शासन किया जबकि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने महज 11 साल के शासन में देश की तस्वीर बदलने का काम किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 5 गुणा कम समय मिला लेकिन उन्होंने भारत को विकसित भारत की ओर ले जाने का काम किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी भूमिका नहीं निभा रहा। प्रधानमंत्री ने भारत को 5वीं आर्थिक शक्ति बनाने का लक्ष्य रखा था, उन्होंने यह कर दिखाया। उनके नेतृत्व में सरकार हर पैमाने पर खरा उतरी है। 

भारत-ईयू समझौते से होगा लाभ  

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा भारत और यूरोपियन संघ के साथ हुए भारत-यूरोपियन मुक्त व्यापार समझौते के बाद उन्होंने हरियाणा यूरोपियन व्यापार संघ की बैठक की। इसमें उन्होंने भारत सरकार के इस फैसले का स्वागत किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इससे उन्हें काफी लाभ मिलेगा। उन्होंने कुछ सुझाव भी दिए, जिन्हें हरियाणा के आगामी बजट में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम के इन्फ्रास्ट्रक्चर को और मजबूत करने के लिए निरंतर काम किया जा रहा है। गुरुग्राम के निचले इलाकों के लिए एक ड्रेन की प्लानिंग की गई है। वहीं पीने के पानी की समस्या के लिए ऐसी योजना तैयार की गई है कि गुरुग्राम को आने वाले 50 वर्षों तक कोई समस्या नहीं होगी। 

इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल, महानिदेशक यश गर्ग, एचएसआईआईडीसी के सीसीआई सुनील शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh