Follow

हिसार के 10 गांवों के किसान प्रतिनिधिमंडल ने की मंत्री श्रुति चौधरी से भेंट, नहरी पानी सहित विभिन्न मांगें रखीं

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 3 जून। हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी से हिसार जिले के बालसमंद सहित लगभग 10 गांवों की पंचायतों एवं किसान प्रतिनिधियों ने चंडीगढ़ में भेंट कर क्षेत्र की विभिन्न जनहित एवं कृषि संबंधी समस्याओं और मांगों से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से नहरी पानी की उपलब्धता, सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा किसानों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।

किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मंत्री श्रुति चौधरी ने तत्काल सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को बैठक में बुलाया तथा किसान प्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच सीधा संवाद स्थापित कराया। इस दौरान किसानों ने अपने क्षेत्रों में नहरी पानी की आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं एवं अन्य स्थानीय मांगों को विस्तार से रखा।

बैठक में सिंचाई विभाग के प्रमुख अभियंता (ईआईसी), मुख्य अभियंता सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा नहरी जल वितरण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाया जाए।

Advertisement

इस अवसर पर श्रुति चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के कल्याण और कृषि क्षेत्र के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि किसानों को सिंचाई जल की उपलब्धता में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। नहरी पानी से संबंधित जहां भी समस्याएं सामने आई हैं, उनका समाधान निर्धारित समय सीमा में सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की शिकायतों का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ निस्तारण किया जाए, ताकि कृषि कार्य प्रभावित न हों और किसानों को समय पर पर्याप्त सिंचाई जल उपलब्ध हो सके।

मंत्री ने किसान प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी मांगों एवं समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस पर किसान प्रतिनिधियों ने उनका आभार व्यक्त किया तथा किसानों की समस्याओं के समाधान के प्रति सरकार के सकारात्मक और संवेदनशील दृष्टिकोण की सराहना की।

Advertisement
Tap to Refresh