Follow

पंजाब में भगवंत मान के अलावा कोई भी सुरक्षित नहीं : राजा वड़िंग

जालंधर में आरटीआई एक्टिविस्ट की हत्या की निंदा की

बार-बार हो रही हत्याओं पर मुख्यमंत्री से चुप्पी तोड़ने को कहा

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 30 मई। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आज जालंधर में आरटीआई एक्टिविस्ट और वकील सिमरनजीत सिंह की हत्या की कड़ी निंदा की है। यहां जारी एक सख्त बयान में, वड़िंग ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार के दौरान पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि आज पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान के अलावा कोई भी सुरक्षित नहीं है। मुख्यमंत्री भी केवल इसलिए सुरक्षित हैं, क्योंकि सैकड़ों पुलिसकर्मी 24 घंटे उनकी सुरक्षा में तैनात हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि चाहे अपराधी हों, गैंगस्टर हों या फिर आतंकवादी हो, पंजाब में किसी को भी कानून का कोई डर नहीं रह गया है। उन्होंने उल्लेख किया कि कुछ दिन पहले अमृतसर में एक एएसआई की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी और अब तक पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है। जबकि आतंकवादियों द्वारा इस हत्या का वीडियो भी जारी किया जा चुका है।

Advertisement

उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि मुख्यमंत्री मान अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करें, क्योंकि वे न केवल सरकार के मुखिया हैं, बल्कि राज्य की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार गृह विभाग के भी प्रमुख हैं। उन्होंने जोर देते हुए, कहा कि इसकी जवाबदेही आखिरकार मुख्यमंत्री पर ही आकर रुकती है।

वड़िंग ने कहा कि स्थिति तेजी से नियंत्रण से बाहर होती जा रही है। यह मुख्यमंत्री के लिए कार्रवाई करने का समय है। वह अपनी सुरक्षा व्यवस्था के पीछे छिपकर नहीं बैठ सकते, जबकि लोग मारे जा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपराधियों, गैंगस्टरों और आतंकवादियों द्वारा लोगों की लगातार की जा रही हत्याओं पर अपनी चुप्पी तोड़ने की मांग की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से कहा कि आप पंजाब के लोगों को जवाब और स्पष्टीकरण देने के लिए बाध्य हैं। जब लोगों के जिंदगी और मौत का प्रश्न बना हुआ हो, तब आप इस मुद्दे पर चुप नहीं रह सकते हैं, खासकर तब जब आप हर दूसरे मुद्दे पर लगातार बोलते रहते हैं।

 

Advertisement
Tap to Refresh