Follow

पंजाब के लिए खतरे की घंटी : राजा वड़िंग

कहा: अमृतसर में पुलिस मुलाजिम की हत्या का आतंकवादियों द्वारा वीडियो जारी करना चिंताजनक

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 28 मई। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा है कि अमृतसर में एक एएसआई की हत्या से संबंधित बताए जा रहे वीडियो फुटेज को आतंकवादियों द्वारा जारी करना बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला है। उन्होंने चेतावनी देते हुए, कहा है कि यह पंजाब के लिए खतरे की घंटी है और अफसोस जताया कि जिम्मेदार लोग इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह बहुत ही गंभीर और डरावना मामला है कि आतंकवादियों ने पहले ड्यूटी पर जा रहे एक पुलिस मुलाजिम की हत्या की, फिर उसका वीडियो बनाया और आखिरकार उसे सार्वजनिक रूप से जारी भी कर दिया।

उन्होंने अफसोस जताया कि पंजाब पुलिस पहले इस घटना को आतंकवाद से जुड़ा मानने से इनकार कर रही थी। अगर यह वीडियो फुटेज सामने नहीं आती, तो पुलिस कभी भी इसे आतंकवादी घटना के रूप में स्वीकार नहीं करती।

Advertisement

वड़िंग ने गुरदासपुर क्षेत्र में पहले हुए दो पुलिस कर्मियों की हत्याओं का हवाला देते हुए, कहा कि इससे साफ है कि आतंकवादियों ने अब अपनी मर्जी से हमारे पुलिस मुलाजिमों को निशाना बनाने की क्षमता हासिल कर ली है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से अपील की है कि इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया जाए, क्योंकि यह पंजाब की अमन-शांति के लिए बड़ा खतरा बन सकता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए, कहा कि पंजाब आतंकवाद के एक और काले दौर को बर्दाश्त नहीं कर सकता और राज्य व केंद्र सरकारों से अपील की कि देर होने से पहले ही इस बुराई को जड़ से खत्म किया जाए।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh