न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 26 मई। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पंजाब पुलिस के महानिदेशक और राज्य चुनाव आयोग को शिकायत भेजकर उनके नाम से जोड़ी जा रही एक फर्जी ऑडियो रिकॉर्डिंग को वायरल करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
इस संबंध में, डीजीपी और राज्य चुनाव आयोग को भेजी गई अलग-अलग शिकायतों में वड़िंग ने कहा है कि यह एक फर्जी ऑडियो क्लिप है, जिसे सात वर्ष पहले भी उनकी छवि खराब करने और बदनाम करने के लिए फैलाया गया था। अब स्थानीय निकाय चुनावों के दौरान इसे फिर से जानबूझकर वायरल किया जा रहा है।
उन्होंने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि पंजाब राज्य एस.सी कमिशन के चेयरमैन ने इस क्लिप की सत्यता या फर्जी होने की जांच किए बिना ही इसका सुओ मोटो नोटिस ले लिया। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट होता है कि चुनावों के दौरान इस क्लिप को फैलाने के पीछे एक सुनियोजित साजिश है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने डीजीपी और राज्य चुनाव आयोग, दोनों से अपील की कि वे इस मामले का गंभीरता से संज्ञान लें और संबंधित अधिकारियों को एफआईआर दर्ज कर दोषियों की पहचान करने के निर्देश दें।
वड़िंग ने कहा कि आज या कल, आखिरकार हम मेरे खिलाफ चलाए जा रहे इस दुष्प्रचार अभियान के पीछे शामिल लोगों की पहचान कर लेंगे और कानून के अनुसार उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि इस मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ वह कानूनी कार्रवाई शुरू करेंगे।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।