न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़ : हरियाणा कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राज्य के सभी जिलों में जिला कार्यकारिणी का विस्तार प्रक्रिया में 26 जिला समीतियों का गठन कर दिया है गौरतलब है कि हरियाणा के कुल 23 जिलों में शहरी और ग्रामीण दोनों की मिलकर 33 जिला कार्यकारियों का गठन करना है।
प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अगुवाई में इस प्रक्रिया के तीसरे चरण में रेवाड़ी (ग्रामीण) भिवानी (ग्रामीण) और अंबाला कैंट जिला की समितियां का का गठन करते हुए सूची जारी कर दी है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार 26 जिला कांग्रेस समितियां का गठन हो चुका है और शेष समितियां का गठन भी शीघ्र ही कर लिया जाएगा।
जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के उपरांत , अब जिला स्तर पर कार्यकारिणियों को पूर्ण रूप से गठित कर दिया गया है, जिससे पार्टी को जमीनी स्तर पर नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (HPCC) प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि कार्यकारिणियों का विस्तार 11 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद किया गया है। यह कदम पार्टी हाईकमान के दिशा-निर्देशों के अनुरूप उठाया गया, ताकि संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।
प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने इस उपलब्धि पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जिला कार्यकारिणियों के पूर्ण होने से पार्टी की जमीनी पकड़ मजबूत होगी। उन्होंने आगे बताया कि आगामी चरण में अब ब्लॉक और बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार किया जाएगा, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हर स्तर पर सक्रिय रूप से जुड़ने का अवसर मिलेगा। यह प्रयास पार्टी को आगामी चुनौतियों के लिए तैयार करने और जनता से सीधे जुड़ने में सहायक सिद्ध होगा।
उन्होंने कहा कि यह संगठनात्मक विस्तार ऐसे समय में हो रहा है जब हरियाणा कांग्रेस 'संगठन सृजन अभियान' के तहत प्रशिक्षण शिविरों और अन्य गतिविधियों के माध्यम से अपनी ताकत बढ़ा रही है। इससे पार्टी में नई टीमों के साथ-साथ अनुभवी और युवा नेताओं का संतुलन भी सुनिश्चित हुआ है। संगठन के भी विस्तारीकरण और सशक्तिकरण से कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है, और यह स्पष्ट संकेत देता है कि पार्टी राज्य में अपनी स्थिति को और मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।