Follow

मुख्यमंत्री कर रहे हैं भ्रष्टाचार की सरपरस्ती : सुनील जाखड़

मंत्रियों पर ईडी की रेड किसी निजी व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि भ्रष्ट तरीकों से किसानों की जमीन हड़पने वालों के खिलाफ कार्रवाई है

कौड़ियों के भाव किसानों से जमीन लेकर करोड़ों कमाने वालों के खिलाफ है ईडी की जांच

कहा, सबका होगा हिसाब, दिल्ली से आए “सुपर मुख्यमंत्री” और “सुपर मंत्री” भी आएंगे घेरे में

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 9 मई। पंजाब भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने मुख्यमंत्री के ईडी संबंधी बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि तथाकथित कट्टर ईमानदार सरकार भ्रष्टाचार की सरपरस्ती कर रही है। शनिवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जाखड़ ने कहा कि ईडी की रेड का मामला केवल अमन अरोड़ा या संजीव अरोड़ा तक सीमित नहीं है। असली मुद्दा भ्रष्ट तरीकों से सीएलयू तैयार कर किसानों की जमीन हड़पने का है। उन्होंने कहा कि मोहाली मामले में अमन अरोड़ा के करीबी लोगों द्वारा सनटेक सिटी मोहाली में 30 एकड़ जमीन से जुड़े लगभग 170 करोड़ रुपये के मामले में गड़बड़ी की गई, जबकि लुधियाना में संजीव अरोड़ा की फर्म हैम्पटन स्काई रियल्टी द्वारा लगभग 40 एकड़ जमीन को फर्जी सीएलयू के माध्यम से गलत तरीके से इस्तेमाल किया गया।

Advertisement

जाखड़ ने आरोप लगाया कि जिस जमीन को उद्योग लगाने के लिए सरकार ने किसानों से बेहद कम कीमत पर लिया था, उसी जमीन का इस्तेमाल कथित रूप से अवैध कॉलोनियां काटने के लिए किया गया। उन्होंने कहा कि यदि वहां उद्योग स्थापित नहीं हुआ, तो वह जमीन किसानों को वापस मिलनी चाहिए थी, लेकिन इसके बजाय उस जमीन से करोड़ों रुपये कमाए गए।

भाजपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि चाहे युवा हो या राज्य का मुखिया, यदि उसके कदम नशे से लड़खड़ा रहे हों तो वह घर को लग रही दीमक को नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री वास्तव में कट्टर ईमानदार होते, तो वे खुद इस करोड़ों के भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते, लेकिन वे तो इसकी सरपरस्ती करते रहे। अब जब ईडी कार्रवाई कर रही है, तो सरकार खुद को बेबस दिखा रही है।

उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास” के बाद अब “सबका हिसाब” होने का समय आ गया है और दिल्ली से आकर बैठे वे “सुपर मंत्री” भी जांच के दायरे में आएंगे, जो कथित रूप से इस सीएलयू विभाग को चला रहे हैं।

जाखड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री अपने लोगों के गुनाहों पर पर्दा डालने के लिए खुद को बेबस साबित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस भ्रष्टाचार को मुख्यमंत्री पहले “कैंसर” बताते थे, अब उसी भ्रष्टाचार रूपी कैंसर की रक्षा क्यों कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग अब अच्छी तरह समझ चुके हैं कि आम आदमी पार्टी सरकार के शासन में किस तरह लूट हो रही है। पंजाब हिसाब चाहता है और यह हिसाब होकर रहेगा।

 

Advertisement
Tap to Refresh