Follow

चतुर्थ अंतर विभागीय क्रिकेट टूर्नामेंट में हरियाणा सिविल सचिवालय का दबदबा, टीसीपी क्रिकेट क्लब ने भी दर्ज की जीत : प्राचार्य डॉ. नरेंद्र सिवाच

Listen to this article

न्यूज़म ब्यूरो

पंचकूला : उच्चतर शिक्षा विभाग, हरियाणा के तत्वावधान में तथा राजकीय महाविद्यालय, बरवाला (पंचकूला) द्वारा आयोजित चतुर्थ अंतर विभागीय राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट–2026 के अंतर्गत दिनांक 17 जनवरी 2026 को पंचकूला स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में लीग चरण के दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। दोनों मैचों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन एवं खेल भावना का परिचय दिया। 
टूर्नामेंट के प्रथम मुकाबले की मुख्य अतिथि डॉ. बेनू राव, समाज सेविका, निदेशक – RAU अकादमी, संस्थापक – वूमेन वेलफेयर फ्रंट एवं महिला प्रमुख – स्वदेशी अभियान रहीं।
द्वितीय मुकाबले की मुख्य अतिथि लवलीन गौतम, सह-संस्थापक – वूमेन वेलफेयर फ्रंट एवं महिला संयोजक – संस्कार भारती रहीं। दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेलों को जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया।

 

पहले लीग मुकाबले में हरियाणा सिविल सचिवालय (TSCSCA) की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उद्यानिकी विभाग, हरियाणा को 60 रनों से पराजित किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए TSCSCA की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 203 रन पर 6 विकेट का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से बसंत जोशी ने 31 गेंदों में 56 रन की विस्फोटक पारी खेली। वहीं मोनू ने 38 रन तथा अनिल कुमार बलहारा ने 32 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम की बढ़त को मजबूत किया। 

Advertisement

जवाब में उद्यानिकी विभाग की टीम 19.5 ओवर में 143 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। गेंदबाजी में परविंदर ने 3 विकेट, जबकि दीपक शर्मा और मोहित खरब ने 2–2 विकेट लेकर जीत में निर्णायक भूमिका निभाई। 

दूसरे मुकाबले में टीसीपी क्रिकेट क्लब ने पब्लिक हेल्थ विभाग को 5 विकेट से पराजित किया। पब्लिक हेल्थ विभाग ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 104 रन पर 8 विकेट बनाए। टीम की ओर से नरेंद्र भांभू (22 रन) एवं नवाब (18 रन) ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी की। लक्ष्य का पीछा करते हुए टीसीपी क्रिकेट क्लब ने मात्र 13.4 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की जीत में दीवाकांत यादव (मोनू) ने 35 रन तथा रजत ने 31 रन की तेजतर्रार पारी खेली। गेंदबाजी में राकेश ने 3 विकेट लेकर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नरेंद्र सिवाच ने अपने वक्तव्य में कहा कि खेल विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से आपसी सहयोग, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए आयोजक मंडल, खिलाड़ियों एवं सभी सहयोगियों को बधाई दी। आयोजकों के अनुसार टूर्नामेंट के आगामी मुकाबलों में और भी रोमांचक खेल देखने को मिलेंगे।

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh