Follow

नायब सैनी सरकार स्वच्छ, सुंदर व आधुनिक शहर बनाने के लिए प्रतिबद्ध : डा.सतीश पूनिया

Listen to this article

भाजपा का संकल्प पत्र प्रदेश के विकास का रोडमैप, हर वादा पूरा करेगी नायब सैनी सरकार : डा. सतीश पूनिया

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 2 मई। नगर निकाय चुनाव में भाजपा ने जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। शुक्रवार देर शाम तक भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया और प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने सोनीपत के विभिन्न वार्डों में जनसंपर्क अभियान चलाया। वहीं वार्ड चौपाल लगाकर स्थानीय नागरिकों से संवाद किया, डोर टू डोर लोगों से संपर्क कर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने तथा भारी बहुमत से विजयी बनाने का आह्वान किया।

Advertisement

भाजपा प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष ने सोनीपत जिला चुनाव समिति की बैठक भी ली। बैठक में कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचे और भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में शत प्रतिशत मतदान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। डा. पूनिया और मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि सभी सोनीपत के तीन गुणा विकास के लिए कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को “कमल के फूल” पर बटन दबाकर ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने के लिए प्रेरित करें।

चौपाल कार्यक्रम के दौरान डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि सोनीपत की जनता विकास चाहती है और भाजपा सरकार ने हमेशा जनहित को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र प्रदेश के विकास का रोडमैप है, नायब सैनी सरकार संकल्प पत्र के हर वादे को संकल्पित होकर पूरा करेगी। उन्होंने लोगों से क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा की। लोगों से सीधे संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो बिना भेदभाव के हर वर्ग के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने केंद्र की मोदी सरकार और हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार की विभिन्न उपलब्धियों और योजनाओं को विस्तार से जनता के सामने रखा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीब, किसान, महिला और युवा व हर वर्ग के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं जिनका लोगों को लाभ भी मिल रहा है।

भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा कि हरियाणा में नायब सैनी सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए 500 रुपये में गैस सिलेंडर दे रही है। लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को 2100 रुपये आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। युवाओं को बिना भेदभाव के पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। नायब सरकार किसानों की सभी फसलों को एमएसपी पर खरीद रही है। भाजपा सरकार ने डिजिटल सेवाओं और ई-गवर्नेंस के माध्यम से आम नागरिक के काम को आसान और पारदर्शी बनाया है।

डा. सतीश पूनिया ने कहा कि शहरों में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, सड़कों का विस्तार, पेयजल और सीवरेज व्यवस्था में सुधार जैसे कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे ट्रिपल इंजन की सरकार बनाकर क्षेत्र के विकास को आगे बढाएं।

जनता ने विकास का रास्ता चुन लिया है, इसलिए कांग्रेस का सफाया तय : मोहन लाल बड़ौली
जन आशीर्वाद से निकाय चुनाव में हर वार्ड में खिलेगा कमल का फूल : बड़ौली
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता अब विकास के रास्ते को चुन चुकी है और हरियाणा को कांग्रेस मुक्त बनाने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि जन आशीर्वाद से निकाय चुनाव में हर वार्ड में कमल का फूल खिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जो कहा, वह करके दिखाया है और आगे भी विकास की यह यात्रा जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है।

उन्होंने 10 मई को मतदान है और दिन भी कम रह गए हैं, इसलिए सभी कार्यकर्ता बूथ पर सक्रिय रहते हुए और अधिक मजबूत बनाए तथा अधिक से अधिक लोगों सें संपर्क करें व भाजपा के पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित करें। श्री बड़ौली ने विश्वास जताया कि सोनीपत की जनता भाजपा के विकास कार्यों पर मुहर लगाएगी और निकाय चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाएगी।

कार्यक्रमों के दौरान संगठन मंत्री फणींद्रनाथ शर्मा, कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, जिला अध्यक्ष बृजेंद्र मलिक, विधायक निखिल मदान, विधायक कृष्णा गहलोत, विधायक देवेंद्र कादियान, विधायक पवन खरखौदा, पूर्व मंत्री कविता जैन सहित क्षेत्र के व्यक्ति, पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

 

What are your Feelings
Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh