न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 21 अप्रैल। हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने पृथ्वी दिवस (22 अप्रैल) के उपलक्ष्य में प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया है।
अपने संदेश में उन्होंने कहा कि पृथ्वी केवल एक ग्रह नहीं, बल्कि समस्त जीव-जगत का आधार है। वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन के कारण पर्यावरण असंतुलन एक गंभीर चुनौती बनकर उभरा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह प्रकृति के संरक्षण और संवर्धन में सक्रिय भूमिका निभाए।
उन्होंने कहा कि “हम सबको मिलकर जल संरक्षण, वृक्षारोपण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी तथा स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाना होगा। छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर हम आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित कर सकते हैं।”
विधान सभा अध्यक्ष ने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे पृथ्वी और पर्यावरण जागरूकता के अभियान में अग्रणी भूमिका निभाएं और समाज को इसके प्रति प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार भी पर्यावरण संरक्षण के लिए अनेक योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ उठाकर प्रदेश को हरित और स्वच्छ बनाने में योगदान दिया जा सकता है।
उन्होंने सभी नागरिकों से पृथ्वी दिवस के अवसर पर संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे प्रकृति के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे और पृथ्वी पर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।