Follow

हरियाणा में न्यूनतम वेतन में ऐतिहासिक बढ़ोतरी पर मजदूर संगठनों ने जताया CM का आभार

Listen to this article

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 10 अप्रैल। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से भारतीय मजदूर संघ सहित विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर न्यूनतम वेतन में की गई ऐतिहासिक बढ़ोतरी के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री के साथ यह मुलाकात संत कबीर कुटीर आवास में हुई, इस दौरान प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भारतीय मजदूर संघ के ऑल इंडिया वाइस प्रेसिडेंट पवन कुमार ने किया। प्रतिनिधिमंडल में शामिल सदस्यों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का पगड़ी पहनाकर सम्मान भी किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री का मुंह भी मीठा करवाया।

Advertisement

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार सदैव श्रमिकों के हितों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के श्रमिक वर्ग को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनके जीवन स्तर को बेहतर करना है।

भारतीय मजदूर संघ के ऑल इंडिया वाइस प्रेसिडेंट पवन कुमार ने कहा कि हरियाणा सरकार ने श्रमिकों के हित में बड़ा कदम उठाया है। न्यूनतम वेतन सलाहकार बोर्ड (Minimum Wage Advisory Board) की एक्सपर्ट कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर हरियाणा सरकार ने बजट में न्यूनतम वेतन बढ़ाने की घोषणा की। हाल ही में सरकार ने अनस्किल्ड (अकुशल) श्रमिकों का न्यूनतम वेतन बढ़ाकर लगभग 15,220 प्रति माह किया गया है, जो कि लगभग 35% की वृद्धि है।

यह बढ़ोतरी राशि के रूप में 4 हजार से अधिक बैठती है। इस फैसले से प्रदेश के श्रमिक वर्ग में खुशी की लहर है।  मजदूर संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह हरियाणा में पहली बार इतनी बड़ी वेतन वृद्धि है, जिससे लाखों श्रमिकों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से एक सार्वजनिक अभिनंदन समारोह आयोजित करने का भी निवेदन किया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार करते हुए समय देने का आश्वासन दिया।

बैठक में मौजूद रहे हरियाणा के श्रम विभाग के प्रधान सचिव राजीव रंजन ने इसे श्रमिक हित में उठाया गया ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि हरियाणा सरकार ने देश में सबसे पहले नए श्रम कानून के तहत न्यूनतम वेतन में बढ़ोत्तरी की है। इसका सभी वर्ग के श्रमिकों को फायदा होगा।  सरकार ने इसका नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।

इस दौरान  ज्वाइंट लेबर कमिश्नर परमजीत सिंह, स्टेट प्रेजिडेंट अशोक कुमार, जनरल सेक्रेटरी हवा सिंह भी मौजूद थे।

 

What are your Feelings
Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh