घरौंडा विधानसभा के गांव चोरा सहित आसपास के दर्जनों गांवों को होगा लाभ
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 2 अप्रैल। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने वीरवार को करनाल के घरौंडा के गांव चोरा में लगभग सवा 10 करोड़ की लागत से होने वाले विकास कार्यों का उद्घाटन व शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने चोरा व आसपास के सैकड़ों ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि चोरा आसपास के कई गांवों का मुख्य केंद्र है। यहां होने वाले विकास कार्यों से आसपास के गांवों के हजारों ग्रामीणों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने ने 6 करोड़ 27 लाख की लागत से चोरा से मुंडीगढ़ी वाया सदरपुर सडक़ यमुना क्रीक पर एक समानांतर पुल के निर्माण का उद्घाटन, 31 लाख की लागत से बनने वाले राजकीय पशु औषधालय, 20 लाख तीन हजार की लागत से पीएचसी से लेकर पुल तक नाला निर्माण, तीन करोड़ 31 लाख की लागत से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बनने वाले आधुनिक सुविधाओं से लैस तीन मंजिला भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।

इस भवन में 18 कमरे, तीन शौचालय व रैम्प की सुविधा रहेगी। यह निर्माण कार्य लगभग दो साल में पूरा हो जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष कल्याण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की मजबूती के लिए लगातार काम कर रहे हैं। देश के प्रधानमंत्री सबका साथ, सबका विकास, सबका सम्मान और सबका विश्वास के मूल मंत्र पर प्रगति की ओर अग्रसर करने के लिए कार्य कर रहे हैं।

उनका सपना है कि सन 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बने, इस दिशा में प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सुंदर समाज के नवनिर्माण में संकल्पित होकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विकासशील घरौंडा विकसित घरौंडा की राह पर अग्रसर हो, इसके लिए सभी का सहयोग अपेक्षित है।

हमें केवल वर्तमान की चिंता नहीं है, अपने इलाके को खुशहाल बनाने की सोच को लेकर हमें हर दिन हर पल कार्य करना है। कल्याण ने कहा कि रैपिड मेट्रो का कार्य शुरू हो चुका है, इससे इलाके व आसपास के क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगीं।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की भी हमें चिंता करनी है, यह हम सबकी साझी जिम्मेदारी है। पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण करना और उनकी देखभाल करना बहुत आवश्यक है। इस अवसर पर घरौंडा एसडीएम राजेश कुमार सोनी, जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी वीना देवी, पुरुषोत्तम सेठी, सुमेश वर्मा, प्रिंसिपल रेखा सीकरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।