न्यूज़म ब्यूरो
पंचकूला। प्राथमिक प्रशिक्षण केन्द्र भानू, भा०ति०सी० पुलिस बल में अशोक नेगी, पीएमजी, महानिरीक्षक, बीटीसी के सम्मान में उनकी सेवानिवृत्ति के अवसर पर गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बीटीसी के वरिष्ठ अधिकारियों, जवानों एवं अन्य स्टाफ ने उपस्थित होकर उनके दीर्घ एवं उत्कृष्ट सेवाकाल को सम्मानपूर्वक याद किया।
ब्रिगेडियर जेएस गोराया, उप महानिरीक्षक ने कहा कि अशोक नेगी महानिरीक्षक ने अपने कर्तव्य निर्वहन के दौरान उच्च स्तर की निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण का परिचय दिया। उन्होंने अपनी 37 वर्षो से अधिक की अद्वितीय सेवा के दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए फोर्स की प्रतिष्ठा को बढ़ाने में उल्लेखनीय योगदान दिया।

आईजी अशोक नेगी ने अपने अदम्य साहस, समर्पण एवं कार्यकुशलता से सीमा सुरक्षा के अतिरिक्त आतंकवाद एवं नक्सलवाद विरोधी अभियानों का सफलता पूर्वक नेतृत्व किया। उनके अदम्य साहस एवं वीरता को भारत सरकार एवं भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल द्वारा भी प्रमाणित किया गया। अधिकारी को उनकी इस वीरता के लिए भारत सरकार के सर्वोच्च पदक पुलिस मैडल फार गैलेंट्री, पुलिस मैडल फार मैरिटोरियस सर्विस एवं पुलिस मैडल फार डिस्टिंग्विस सर्विस से भी विभूषित किया गया है।
इस दौरान आईजी अशोक नेगी के बैचमेट एवं वरिष्ठ अधिकारी, वैटरन, उनके मित्रगण, पारिवारिक सदस्य एवं समस्त बीटीसी परिवार के पदाधिकारी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान आईजी अशोक नेगी द्वारा सेवा के दौरान अपने अनुभवों को साझा किया गया तथा बल तथा देश सेवा को सर्वोच्च मानकर समर्पित भाव से कार्य करनें हेतु प्रेरित किया गया।

बीटीसी परिवार की ओर से कमांडेंट सुनील कांडपाल द्वारा उनके साथ बीटीसी में बिताए गए अनुभव साझा किए गए तथा उनके नेतृत्व, कार्यकुशलता एवं सौम्य व्यवहार की सराहना की गई। इस अवसर पर उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया एवं उनके स्वस्थ, सुखद एवं समृद्ध भविष्य की कामना की गई।
अपने विदाई संबोधन में आईजी अशोक नेगी पीएमजी ने सभी अधिकारियों एवं साथियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि फोर्स में बिताया गया समय उनके जीवन का सबसे गौरवपूर्ण एवं यादगार अध्याय रहेगा। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।