सोनीपत में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर सुशासन दिवस समारोह में पहुंचे बड़ौली व गोयल
सोनीपत, 25 दिसंबर। पूर्व प्रधानमंत्री व भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर सोनीपत स्थित पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मुरथल अड्डड्ढा पर जिला स्तरीय सुशासन दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने मंत्री विपुल गोयल के साथ बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया और अटल जी के सुशासन के आदर्शों को स्मरण किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने वर्चुअल माध्यम (विडियों कांफ्रेंस) से सुशासन दिवस पर आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा दिए गए अभिभाषण को सुना। इस दौरान उनके साथ विधायक पवन खरखौदा तथा मेयर राजीव जैन भी मौजूद रहे।
सुशासन दिवस समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी का संपूर्ण जीवन ईमानदारी, पारदर्शिता और राष्ट्रसेवा का प्रतीक रहा है। अटल जी ने राजनीति में शुचिता की जो परंपरा स्थापित की, वही आज सुशासन की आधारशिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में देश व प्रदेश में पारदर्शी प्रशासन, डिजिटल सेवाएं और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से सुशासन को मजबूत किया गया है। उन्होंने आह्वान किया कि सुशासन दिवस को केवल एक औपचारिक कार्यक्रम न मानते हुए, अटल बिहारी वाजपेयी जी के विचारों को जीवन में अपनाकर अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का संकल्प लिया जाए।
बड़ौली ने कहा कि अटल जी का विजन और मिशन विकसित भारत के संकल्प में निरंतर शक्ति का संचार करता रहेगा। देश में अंत्योदय व सुशासन की कल्पना को चरितार्थ कर भारतीय राजनीति को नई दिशा देने वाले अटल जी हम सभी के प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने समारोह के दौरान सुशासन, पारदर्शिता एवं जनसेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित छात्राओं एवं शिक्षकों को अटल जी के विचारों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और सुशासन का रहा प्रतीक : मंत्री विपुल गोयल
मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि अटल जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक रहा है। उनके द्वारा स्थापित सुशासन की परंपरा आज भी देश के विकास की दिशा तय कर रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन दिवस मनाने का उद्देश्य शासन की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना, पारदर्शिता सुनिश्चित करना तथा जनहितकारी नीतियों को प्रभावी रूप से लागू करना है। अटल बिहारी वाजपेयी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और सुशासन का प्रतीक रहा है।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि सुशासन की मजबूत नींव अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने प्रधानमंत्री कार्यकाल में रखी, जिसे वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने और अधिक सशक्त व व्यापक रूप प्रदान किया। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए प्रत्येक वर्ष 25 दिसंबर को गुड गवर्नेंस डे मनाया जाता है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की 87 शहरी स्थानीय निकायों में किसी न किसी पार्क अथवा भवन का नाम अटल बिहारी वाजपेयी जी के नाम पर रखा गया है। इन स्थानों पर उनकी जीवनी, चित्र एवं प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जिससे युवा पीढ़ी उनके विचारों और आदर्शों से प्रेरणा प्राप्त कर सके। उन्होंने कहा कि सुशासन दिवस के अंतर्गत पंचकूला में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा अटल बिहारी वाजपेयी जी की विशाल प्रतिमा का अनावरण किया गया। वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने प्रदेश को कई जनकल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं की सौगात दी।
गोयल ने कहा कि अटल जी के नेतृत्व में ग्राम सडक़ योजना, गैस कनेक्शन, दूरसंचार सुविधा, शिक्षा, राष्ट्रीय सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं युवा कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक निर्णय लिए गए। आज डीबीटी एवं जनधन खातों के माध्यम से योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंच रहा है। इसके अलावा हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में 127 संशोधनों को मंजूरी दी गई, जिनमें से 90 संशोधन शहरी स्थानीय निकाय विभाग से संबंधित हैं। इन संशोधनों के तहत दंडात्मक प्रावधानों को सरल बनाते हुए जेल की सजा को आर्थिक दंड में परिवर्तित किया गया है, जो सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
अटल जी के सपनों को पूरा करने का संकल्प लेकर धरातल पर उतारने कार्य करें : विधायक पवन खरखौदा
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए विधायक पवन खरखौदा ने कहा कि अटल जी को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लेकर उनके विचारों और आदर्शों को धरातल पर उतारते हुए उन्हें पूरा करने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि हरियाणा में सुशासन दिवस की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने की थी, जिसे वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सैनी ने और अधिक सशक्त रूप दिया है। उन्होंने कहा कि इसी दिशा में मुख्यमंत्री द्वारा शुरू किए गए सीएम गुड गवर्नेंस एसोसिएट्स कार्यक्रम के अंतर्गत नियुक्त 27 सुशासन सहयोगी सरकार की योजनाओं को कागजों से निकालकर अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक पहुँचाने का कार्य कर रहे हैं।

कार्यक्रम में मेयर राजीव जैन ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का 50 वर्षों से अधिक का सार्वजनिक जीवन निष्कलंक, ईमानदार और भ्रष्टाचार-मुक्त रहा, इसी कारण उनकी जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाता है। अटल जी के नेतृत्व में देश ने ग्रामीण विकास, कृषि के लिए पृथक बजट, तथा मातृशक्ति को ध्यान में रखते हुए गैस कनेक्शन जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से नए विकास आयाम छुए।ये रहे मौजूद
इस दौरान भाजपा वरिष्ठ नेता देवेन्द्र कौशिक, आजाद नेहरा, रविन्द्र दिलावर, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन, एसीयूटी योगेश दिल्हौर, सीटीएम डॉ. अनमोल, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मीतू धनखड़, एमडी शुगर मील संजय कुमार, डीआरओ सुशील शर्मा, भाजपा नेता राजकुमार कटारिया, नरेंद्र भारती सहित अनेक अधिकारीगण मौजूद रहे।