न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 25 मार्च। हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा श्रीमती सुमन सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने पिछले विधानसभा चुनावों के अपने संकल्प-पत्र के 217 में से 60 वादों को पूरा कर दिया है। शेष वादों पर काम प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रदेश में समान रूप से विकास कार्य करवा रहे है। सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं को धरातल पर लागू किया जा रहा है।
उपाध्यक्षा सुमन सैनी बुधवार को (कुरुक्षेत्र) लाडवा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। उपाध्यक्षा ने लाडवा विधानसभा के नागरिकों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को समाधान के लिए निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने बहनों बेटियों को आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत 2,100 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है। अब तक 9 लाख 22 हजार से अधिक बहन-बेटियों को 634 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गत 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला उद्यमिता मंच की शुरुआत की। यह मंच हमारी उन बहनों के लिए एक वरदान साबित होगा, जो स्वयं का व्यवसाय शुरू करना चाहती हैं। यह मंच महिलाओं के नेतृत्व वाले स्टार्टअप्स की संख्या 61 प्रतिशत करने में कारगर सिद्ध होगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियां किसान हित के केन्द्र में है। आज किसानों की सभी फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा रही है। अब तक 12 लाख किसानों के खातों में फसल खरीद के 1 लाख 64 हजार करोड़ रुपये डाले जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में फसल खराब होने पर गत साढ़े 11 सालों में किसानों को मुआवजे और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अब तक 16 हजार 160 करोड़ रुपये की राशि दी गई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत लगभग 20 लाख 18 हजार किसानों को 22 किस्तों में 7 हजार 562 करोड़ रुपये की राशि किसानों के बैंक खातों में डाली जा चुकी है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन में 200 रुपये बढ़ोतरी करके इसे 3 हजार 200 रुपये मासिक किया गया है। इसी तरह पिछड़ा वर्ग की क्रीमी लेयर आय सीमा को 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख रुपये किया गया है।