Listen to this article
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमराती नजर आ रही है। प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार दोनों चरम पर हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता राव नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि हरियाणा सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है और राज्य अपराधियों के हवाले हो गया है।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि हाल ही में सामने आए मामलों ने सरकार की पोल खोल दी है— सुप्रीम कोर्ट ने एक नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म मामले की जांच में लापरवाही को लेकर हरियाणा पुलिस को कड़ी फटकार लगाई, जो कानून व्यवस्था की गंभीर विफलता दर्शाता है।
गुरुग्राम में निर्माणाधीन साइट पर दीवार गिरने से 7 मजदूरों की मौत हो गई। इस मामले में लापरवाही और सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर मानवाधिकार आयोग को दखल देना पड़ा।
कुरुक्षेत्र में 4 किलो से अधिक अफीम के साथ एक महिला की गिरफ्तारी ने प्रदेश में बढ़ते नशा तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में संगठित अपराध भी तेजी से बढ़ रहा है। हाल ही में पुलिस द्वारा कई गैंगस्टरों और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी यह साबित करती है कि अपराध का जाल कितना व्यापक हो चुका है और सरकार पहले इसे रोकने में विफल रही।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि ये घटनाएं बताती हैं कि अपराधियों में कानून का कोई डर नहीं रह गया है।
…भ्रष्टाचार के ताज़ा बड़े मामले
उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार ने पूरे सिस्टम को खोखला कर दिया है। ₹590 करोड़ के बड़े बैंक घोटाले में हरियाणा के कई सरकारी अधिकारी, बैंक कर्मचारी और निजी लोग गिरफ्तार किए गए हैं। जांच में सामने आया कि सरकारी खातों से पैसा फर्जी कंपनियों में ट्रांसफर किया गया। इसी मामले में वित्त विभाग से जुड़े अधिकारियों की गिरफ्तारी ने साबित कर दिया कि भ्रष्टाचार सरकारी तंत्र के अंदर तक फैला हुआ है।
हरियाणा पावर जेनरेशन कॉर्पोरेशन (HPGCL) में करीब ₹590 करोड़ के घोटाले में एक बड़े अधिकारी की गिरफ्तारी हुई, जिस पर रिश्वत लेकर नियमों का उल्लंघन करने का आरोप है।
यमुनानगर में ₹42 करोड़ के धान खरीद घोटाले में HAFED के अधिकारी की गिरफ्तारी से साफ है कि किसानों के नाम पर भी भ्रष्टाचार किया जा रहा है।
राव नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि हरियाणा में भ्रष्टाचार चरम पर है और सरकार इसे रोकने के बजाय बचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा भ्रष्टाचार मामलों में जांच से पहले अनुमति लेने की नई व्यवस्था लागू करना, भ्रष्ट अधिकारियों को बचाने का प्रयास है।
राव नरेंद्र सिंह ने सरकार पर सीधा हमला करते हुए कहा कि “प्रदेश में अपराध बढ़ रहा है, भ्रष्टाचार बढ़ रहा है, लेकिन सरकार केवल कागजों में विकास दिखा रही है। जमीन पर हालात बेहद खराब हैं।” उन्होंने कहा कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, पुलिस और प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं। भ्रष्टाचार में अधिकारी और सिस्टम दोनों शामिल हैं।
…जनता में बढ़ता आक्रोश
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता अब खुद को असुरक्षित और ठगा हुआ महसूस कर रही है। उन्होंने मांग की कि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई हो। भ्रष्टाचार मामलों की निष्पक्ष जांच हो। जिम्मेदार अधिकारियों को तुरंत बर्खास्त किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द सुधार नहीं किया तो कांग्रेस पार्टी, सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलेगी।
What are your
Feelings