Follow

एलपीजी की किल्लत व बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की अगुवाई में अंबाला में जोरदार प्रदर्शन

Listen to this article

वैश्विक संकट और युद्ध की आड़ में केंद्र सरकार आम जनता पर महंगाई का बोझ डाल रही है – राव नरेंद्र सिंह

न्यूज़म ब्यूरो 

अंबाला / चंडीगढ़ : हरियाणा में एलपीजी की बढ़ती कीमतों और किल्लत के खिलाफ कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। अंबाला में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। इस धरना प्रदर्शन में हरियाणा प्रदेश के सह प्रभारी जितेंद्र बघेल, प्रफुल्ल गुडथे विशेष रूप से मौजूद रहे। हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि यह प्रदर्शन हाल ही में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में लगभग 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपये की बढ़ोतरी के विरोध में आयोजित किया गया।

Advertisement

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों और वैश्विक संकट (जैसे पश्चिम एशिया में संघर्ष) के नाम पर आम जनता पर महंगाई का बोझ डाला जा रहा है, जबकि सरकार एलपीजी की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने में नाकाम साबित हो रही है।

प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा, “भाजपा ने सत्ता में आने से पहले 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने का वादा किया था, लेकिन अब कीमतें आसमान छू रही हैं। आम परिवारों का बजट बिगड़ रहा है, ढाबे-होटल बंद होने की कगार पर हैं। यदि दाम नहीं घटाए गए तो हरियाणा भर में बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।”

अंबाला में प्रदर्शनकारियों ने ‘महंगाई हटाओ’, ‘एलपीजी सस्ता करो’ जैसे नारे लगाए। कई जगहों पर चूल्हा जलाकर प्रतीकात्मक विरोध भी दिखाया गया, ताकि रसोई गैस की किल्लत से आम आदमी की परेशानी को उजागर किया जा सके। अंबाला के ढाबा संचालकों ने भी बताया कि कमर्शियल सिलेंडर न मिलने से उनके चूल्हे ठंडे पड़ गए हैं और कारोबार प्रभावित हो रहा है। इस पर बोलते हुए राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि जनता की इस परेशानी पर केंद्र सरकार की चुप्पी, इस बात की ओर इशारा कर रही है कि सरकार को जनता की परेशानियां से कोई लेना-देना नहीं है।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि यह प्रदर्शन देशभर में कांग्रेस की ओर से चलाए जा रहे विरोध का हिस्सा है, जहां संसद में भी हंगामा हुआ और कई राज्यों में धरना-प्रदर्शन हो रहे हैं। कांग्रेस ने मांग की है कि एलपीजी कीमतों में तत्काल कमी की जाए, सब्सिडी बढ़ाई जाए और आपूर्ति सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाए नहीं तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर संघर्ष करेगी और सरकार को झुकाने के लिए व्यापक आंदोलन करेगी।

प्रदर्शन के दौरान हरियाणा कांग्रेस विधायक निर्मल सिंह, शैली चौधरी, पूजा चौधरी, पूर्व विधायक जसबीर सिंह मलौर, अंबाला से जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पवन अग्रवाल, दुष्यंत चौहान व परविंदर सिंह परी, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के समस्त जिला अध्यक्ष, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया एवं कार्यालय प्रभारी संजीव भारद्वाज, हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्षा पर्ल चौधरी एवं वीरेंद्र सोमा, पूर्व अध्यक्षा सुधा भारद्वाज, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व कोषाध्यक्ष रोहित जैन एवं कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं सैकड़ो कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh