Follow

चंडीगढ़ यू.टी. सचिवालय में नशा मुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ के राज्य स्तरीय समापन कार्यक्रम का आयोजन

Listen to this article

 चंडीगढ़, 18.11.2025 : नशा मुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में राज्य स्तरीय समापन कार्यक्रम का आयोजन आज यू.टी. सचिवालय, चंडीगढ़ में किया गया। यह कार्यक्रम सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय (MoSJE) द्वारा अमृतसर में आयोजित राष्ट्रीय समापन समारोह के साथ संयुक्त रूप से आयोजित हुआ।

अमृतसर से प्रसारित राष्ट्रीय कार्यक्रम, जो मंत्रालय द्वारा आयोजित किया गया था, का सीधा प्रसारण यू.टी. सचिवालय में किया गया। कार्यक्रम के दौरान भारत के माननीय प्रधानमंत्री का विशेष संदेश मंत्रालय के एक अधिकारी द्वारा पढ़कर सुनाया गया तथा लाइव प्रसारित किया गया।

यू.टी. सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में श्री राजेश एच. प्रसाद, मुख्य सचिव; श्री मनदीप सिंह ब्रार, सचिव गृह; श्री दिप्रवा लकड़ा, सचिव वित्त; सुश्री प्रेरणा पुरी, सचिव शिक्षा; श्री स्वप्निल एम. नाइक, सचिव अतिथि सत्कार; श्री हरी कळिक्कट, सचिव आई.टी.; सुश्री अनुराधा चगटी, सचिव सामाजिक कल्याण; सहित चंडीगढ़ प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement

कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्त भारत के निर्माण की शपथ मुख्य सचिव श्री राजेश एच. प्रसाद द्वारा दिलाई गई, जिसमें नशा विरोधी जन-भागीदारी को और सुदृढ़ करने तथा समाज को अधिक सुरक्षित और स्वस्थ बनाने के संकल्प को दोहराया गया। कार्यक्रम में यू.टी. प्रशासन के 100 से अधिक अधिकारियों ने भाग लिया, जिसके साथ माहभर चली जागरूकता गतिविधियों का प्रभावी समापन हुआ।

1 अगस्त 2025 से 18 नवंबर 2025 के बीच चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा राष्ट्रीय अभियान के अंतर्गत पूरे केंद्र शासित प्रदेश में कुल 292 जागरूकता एवं पहुँच कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 9 लाख से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अभियान के अंतर्गत चंडीगढ़ के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों और कार्यालयों में सामूहिक शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें कुल 1,37,093 व्यक्तियों ने—ऑनलाइन और ऑफलाइन—नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु शपथ ली। मानव श्रृंखला, जागरूकता रैलियाँ, निबंध लेखन, नारा लेखन और पोस्टर बनाए जाने जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएँ भी आयोजित की गईं, जिनका उद्देश्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना था। आज के कार्यक्रम में अभियान के अंतर्गत प्राप्त महत्वपूर्ण उपलब्धियों का उत्सव मनाया गया तथा चंडीगढ़ प्रशासन की नशा मुक्त भारत के निर्माण हेतु सामूहिक प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ किया गया।

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh