“डीजीपी ने आईजी और एसपी को वीडियो कॉल पर दिए सख्त आदेश, अब त्वरित गिरफ्तारी के निर्देश”
“रोहित की मां से मिलेंगे आईजी, परिवार को मिला न्याय का भरोसा”
“एक्शन मोड में हरियाणा पुलिस, रोहित के हत्यारों पर बनेगा मिसाल”
“मुख्य आरोपी पहले से हत्या के मामलों में लिप्त, अब नहीं बचेंगे : डीजीपी”
“परिवार को मिलेगी पूर्ण सुरक्षा, पुलिस जिप्सी तैनात : डीजीपी का निर्देश”
डीजीपी हरियाणा से राष्ट्रीय धनकड़ खाप, पंचायत व परिवार की निर्णायक मुलाकात, एक सप्ताह में सभी मुख्य आरोपी गिरफ्तार करने का आश्वासन, संपत्ति कुर्क व पीओ घोषित करने के आदेश
रोहतक / भिवानी/ पंचकूला, 9 दिसंबर : अंतरराष्ट्रीय बॉडीबिल्डर और 6 बार के नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट रोहित धनखड़ हत्याकांड को लेकर आज राष्ट्रीय धनकड़ खाप, हरियाणा 12 धनकड़ खाप, हुमायूंपुर–बखेता ग्राम पंचायत और पीड़ित परिवार के सदस्य हरियाणा के पुलिस महानिदेशक श्री ओ.पी. सिंह से सेक्टर-6, पंचकूला स्थित डीजीपी मुख्यालय में निर्धारित समय पर मिले। रोहित भिवानी में अपने दोस्त जतिन की बहन की नन्द की शादी में जतिन के साथ कन्यादान डालने गया था, जहाँ कुछ बाराती नशे की हालत में लड़कियों के साथ अभद्र भाषा और बदतमीजी कर रहे थे। रोहित ने केवल इतना कहा था कि ‘खाना खा लो और लड़कियों के साथ बदतमीजी मत करो’, इसी बात को लेकर उस पर हमला किया गया और उसकी नृशंस हत्या कर दी गई।” इस बैठक में परिवार और पंचायत ने डीजीपी के समक्ष पूरे मामले की गंभीरता, अब तक हुई जांच, लगातार टलती गिरफ्तारी और प्रशासन की कार्रवाई को लेकर अपनी पीड़ा विस्तार से रखी। डीजीपी ने परिवार की पूरी बात गंभीरता से सुनी और आश्वस्त किया कि इस मामले में अब किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
बैठक के दौरान डीजीपी ओ.पी. सिंह ने रोहतक के आईजी समरदीप सिंह, भिवानी के एसपी सुमित तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को वीडियो कॉल पर जोड़ा और उनसे सीधे सवाल किया कि घटना को इतने दिन बीत जाने के बावजूद अब तक एक भी आरोपी गिरफ्तार क्यों नहीं हुआ। इस पर भिवानी एसपी सुमित ने कहा कि पुलिस ने कई बार आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी है, लेकिन आरोपी बार-बार अपनी लोकेशन बदल रहे हैं, जिस कारण गिरफ्तारी में देरी हो रही है, हालांकि उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

डीजीपी ने इस जवाब पर असंतोष जताते हुए एसपी से साफ शब्दों में पूछा कि जिन मुख्य आरोपियों के नाम एफआईआर में दर्ज हैं और जो अन्य 15 से 20 आरोपी इस घटना में शामिल बताए जा रहे हैं, उन्हें आखिर कब तक गिरफ्तार किया जाएगा। इस पर एसपी ने एक सप्ताह का समय मांगा। डीजीपी ने इस समय-सीमा को परिवार और पंचायत के सामने स्पष्ट करते हुए कहा कि एक सप्ताह के भीतर सभी मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही डीजीपी ने सख्त निर्देश दिए कि जो आरोपी फरार हैं उनकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई तुरंत शुरू की जाए और उन्हें पीओ (घोषित अपराधी) घोषित किया जाए, ताकि वे किसी भी हाल में कानून से बच न सकें।
डीजीपी ने यह भी पूछा कि जिन गाड़ियों को पुलिस ने बरामद किया है, उनमें ड्राइवर कौन थे, उनमें बैठे अन्य लोग कौन थे और क्या शादी की सीसीटीवी व वीडियो फुटेज के आधार पर कार्रवाई शुरू की गई है। इस पर एसपी ने बताया कि पुलिस सभी एंगलों से जांच कर रही है। इसके साथ ही डीजीपी ने रोहतक आईजी को निर्देश दिए कि वे स्वयं रोहित धनखड़ की मां के घर जाकर उनसे मुलाकात करें और उन्हें विश्वास दिलाएं कि जो समय दिया गया है, उसी समय-सीमा में ठोस कार्रवाई होगी।
डीजीपी ओ.पी. सिंह ने कड़े शब्दों में कहा कि इस मामले में अपराधियों के साथ ऐसा उदाहरण स्थापित किया जाएगा कि पूरे हरियाणा में एक संदेश जाएगा कि कोई भी अपराधी कानून से नहीं बच सकता। परिवार ने डीजीपी को यह भी अवगत कराया कि मुख्य आरोपियों में से कुछ के खिलाफ पहले भी हत्या जैसे संगीन मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। इस पर डीजीपी ने स्पष्ट किया कि ऐसे आदतन अपराधियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान डीजीपी ने एसपी को यह भी निर्देश दिए कि रोहित धनखड़ के परिवार की सुरक्षा के लिए तुरंत पुलिस जिप्सी तैनात की जाए, ताकि परिवार की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही हरियाणा लॉ एंड ऑर्डर के आईजी कुलदीप सिंह ने भी परिवार को आश्वासन दिया कि वे हर दिन एसपी से इस केस की प्रगति की जानकारी लेते रहेंगे और प्रतिदिन यह मॉनिटर करेंगे कि जांच और गिरफ्तारी की दिशा में कितनी प्रगति हुई है। साथ ही परिवार को भी हर दिन की कार्रवाई की जानकारी दिए जाने का भरोसा दिलाया गया।
डीजीपी ओ.पी. सिंह ने यह भी कहा कि रोहित धनखड़ ने बहादुरी का परिचय देते हुए एक लड़की के साथ हो रही अभद्रता को रोका और वह स्वयं एक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी था। उन्होंने कहा कि प्रशासन और समाज के लिए भी यह बहुत बड़ी क्षति है कि इतना अच्छा खिलाड़ी हमसे छिन गया। डीजीपी ने कहा कि प्रशासन इस दुख की घड़ी में पूरे परिवार के साथ खड़ा है और रोहित को हर हाल में न्याय दिलाने के लिए पूरी ताकत से कार्रवाई करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि अपराधियों के रिश्तेदारों और परिजनों से भी सख्ती से पूछताछ की जाएगी और हर हाल में आरोपियों तक पुलिस पहुंचेगी।
डीजीपी से मुलाकात के बाद राष्ट्रीय धनकड़खाप, पंचायत और परिवार के सदस्यों ने कहा कि वे अब गांव जाकर समाज के बीच आज की बैठक का पूरा विवरण रखेंगे, जिसके बाद परिवार, पंचायत और खाप मिलकर आगे की रणनीति तय करेंगे। परिवार और पंचायत का कहना है कि आज की बैठक सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई है और डीजीपी द्वारा दिए गए आश्वासनों से एक बार फिर न्याय की उम्मीद जगी है। परिजनों ने यह भी कहा कि वे पहले दिन से ही प्रशासन द्वारा बार-बार समय देने पर भरोसा किए बैठे हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला था, हालांकि आज डीजीपी द्वारा दिए गए निर्देशों और कड़े रुख से उन्हें कुछ भरोसा जरूर बना है। अब सबकी नजर एक सप्ताह के भीतर होने वाली कार्रवाई और गिरफ्तारी पर टिकी हुई है।