न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 29 जनवरी : पंजाब के राज्यपाल एवं यू.टी. चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने आज लद्दाख में आयोजित खेलो इंडिया शीतकालीन खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली चंडीगढ़ आइस हॉकी टीमों (पुरुष एवं महिला) से पंजाब राजभवन, लोक भवन में मुलाकात की। उन्होंने टीमों को केंद्र शासित प्रदेश का नाम रोशन करने पर बधाई दी।

प्रशासक ने राष्ट्रीय स्तर के खेलो इंडिया शीतकालीन खेलों में अपनी भागीदारी में पुरुष टीम को रजत पदक जीतने तथा महिला टीम को कांस्य पदक हासिल करने पर उनकी सराहना की। उन्होंने इस उपलब्धि को चंडीगढ़ के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए लद्दाख और हिमाचल प्रदेश जैसे आइस हॉकी के मजबूत क्षेत्रों की टीमों के विरुद्ध शानदार प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों के दृढ़ संकल्प और जज्बे की प्रशंसा की।

इस वर्ष चंडीगढ़ से 20 लड़के, 18 लड़कियां, दो कोच और सहायक अधिकारी शामिल थे। आधारभूत संरचना और मौसम संबंधी चुनौतियों के बावजूद टीमों ने उच्च स्तर का सराहनीय प्रदर्शन किया। प्रशासक ने खिलाड़ियों के समर्पण की सराहना की तथा कोचों और चंडीगढ़ खेल विभाग द्वारा प्रदान किए गए प्रशिक्षण एवं सहयोग की प्रशंसा की।

बातचीत के दौरान आइस हॉकी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष ने प्रशासक को भारत में आइस हॉकी के विकास की जानकारी दी और बताया कि शीतकालीन खेल अब हिमालयी क्षेत्रों से बाहर भी लोकप्रिय हो रहे हैं। उन्होंने इस खेल को और बढ़ावा देने के लिए संस्थागत सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए श्री कटारिया ने कहा कि प्रशासन खेल सुविधाओं को और सुदृढ़ करने तथा अपनी क्षमता के अनुसार खिलाड़ियों से संबंधित लाभों पर विचार करने की दिशा में कार्य कर रहा है, जो खेल संस्कृति को मजबूत करने पर प्रधानमंत्री के विशेष जोर के अनुरूप है।
इस अवसर पर पंजाब के राज्यपाल के प्रधान सचिव वी.पी. सिंह; चंडीगढ़ प्रशासन के खेल निदेशक सौरभ कुमार अरोड़ा; कोच तथा आइस हॉकी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।