Follow

भाजपा जो कहती, संकल्प के साथ पूरा करती है, कांग्रेस-आप करती है सिर्फ झूठे वादे : नायब सैनी

ट्रिपल इंजन सरकार बनने पर सांपला में तीन गुना गति से होंगे विकास कार्य : नायब सैनी

सांपला में आयोजित जनआशीर्वाद सभा में सीएम सैनी ने चेयरमैन प्रत्याशी प्रवीन कोच और सभी 14 पार्षदों को जिताने की अपील

भाजपा सरकार गरीबों को मजबूत, महिलाओं को सशक्त, युवाओं को रोजगार और किसानों को समृद्ध बनाने का काम कर रही है : मुख्यमंत्री नायब सैनी

मुख्यमंत्री नायब सैनी और प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने क्षेत्र के कई सरपंचों को भाजपा में शामिल कर उनका स्वागत किया

मुख्यमंत्री सैनी व प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने किसानों के मसीहा दीनबंधु सर छोटू राम की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया

Advertisement

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 7 मई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को सांपला में आयोजित जन आशीर्वाद सभा में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी झूठे वादे करती है और चुनाव खत्म होने के बाद अपने वादों को भूल जाती है। भाजपा जो भी वादा करती है उसे संकल्प मानकर पूरा करती है। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि 10 मई को होने वाले नगर पालिका चुनाव में चेयरमैन प्रत्याशी प्रवीन कोच और सभी 14 पार्षद प्रत्याशियों को भारी बहुमत से विजयी बनाकर सांपला में विकास की गति को तेज करने का काम करें। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने किसानों के मसीहा दीनबंधु सर छोटू राम की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में महिलाओं को 1500 रुपये देने का वादा किया था और आम आदमी पार्टी ने पंजाब में महिलाओं को 1000 रुपये प्रतिमाह देने की घोषणा की थी, लेकिन आज तक महिलाओं के खातों में कोई पैसा नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी चुनाव के समय बड़ी-बड़ी घोषणाएं करती हैं, लेकिन पांच साल बीतने के बाद भी उन्हें पूरा नहीं करतीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की घोषणाएं धरातल पर शून्य साबित हुई हैं और महिलाओं के अधिकारों को देने में कांग्रेस हमेशा बाधा बनी रही है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा ने विधानसभा चुनावों के दौरान जो संकल्प लिए थे, उन्हें तेजी से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद बिना पर्ची और बिना खर्ची के 25 हजार युवाओं को नौकरी देने का वादा सरकार बनते ही युवाओं को जॉइनिंग लेटर देकर पूरा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन नौकरियों में भी बाधा डाल रही थी, लेकिन भाजपा सरकार ने युवाओं को रोजगार देने का काम किया है।

नायब सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार ने किडनी मरीजों के लिए फ्री डायलिसिस की सुविधा शुरू की और आज सभी सरकारी अस्पतालों में निशुल्क डायलिसिस हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने का वादा भी पूरा किया है और जिन परिवारों की वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार रुपये तक है, उन्हें यह सुविधा दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं के खातों में 2100 रुपये भेजे जा रहे हैं। इसके लिए सरकार ने बजट में 5000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया था लेकिन अब इस योजना का दायरा बढ़ाया है। अब 1 लाख 80 हजार आय तक के परिवारों की महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ मिलेगा। नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है जहां 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए निरंतर काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान योजना के तहत गरीब परिवारों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है और 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों का इलाज भी निशुल्क किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 1 लाख 60 हजार मकान बनाकर दिए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास जमीन नहीं थी, उन्हें मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत प्लॉट दिए गए हैं। अब तक नगर पालिका और नगर परिषद और निगम क्षेत्रों में 30-30 गज के 16 हजार 500 प्लॉट वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों को मजबूत, महिलाओं को सशक्त, युवाओं को रोजगार और किसानों को समृद्ध बनाने का काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सांपला में विकास कार्यों में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि सांपला में ट्रिपल इंजन सरकार बनती है तो विकास कार्य तीन गुना गति से होंगे। उन्होंने कहा कि मैट्रो विस्तार को लेकर केंद्र सरकार से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं और आने वाले समय में सांपला को विकास की नई दिशा मिलेगी।

सैनी ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क नेटवर्क को मजबूत किया गया है और सरकार लगातार जनहित के कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और आज पूरे देश में भाजपा की लहर है। उन्होंने कहा कि टीएमसी सरकार में बंगाल के लोगों पर अत्याचार होते थे, शोषण होता था। उन्होंने कहा कि अब पीएम मोदी के नेतृत्व में बंगाल में विकास की गति बढ़ेगी, बंगाल के लोगों को अब सुख की हवा मिल रही है।

नायब सैनीने कहा कि नगर निकाय चुनावों में भाजपा के पक्ष में माहौल है और अंबाला, पंचकूला, सोनीपत, सांपला, रेवाड़ी और उकलाना में कमल के फूल की लहर चल रही है। उन्होंने पुनः लोगों से आग्रह करते हुए कहा कहा कि क्षेत्र का तेज गति से विकास कराने के लिए प्रचंड बहुमत से ट्रिपल इंजन की सरकार बनाएं।


निकाय चुनाव में भाजपा सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगी : मोहन लाल बड़ौली 
सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में हुए चुनाव परिणामों ने यह साबित कर दिया है कि भाजपा के प्रति जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के निकाय चुनावों में भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
उन्होंने कहा कि सांपला की जो भी समस्याएं हैं उनका समाधान नायब सैनी सरकार प्राथमिकता के तौर पर करेगी। बड़ौली ने कहा कि आप सभी एकजुट होकर भाजपा प्रत्याशियों को जिताएं। उन्होंने कहा कि जब ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी तो यहां के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि चेयरमैन प्रत्याशी प्रवीन कोच और सभी वार्ड प्रत्याशियों को भारी बहुमत से जिताकर सांपला को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का काम करें।

सांपला में खिलेगा कमल, भाजपा को मिल रहा भारी जनसमर्थन :  डॉ. अरविंद शर्मा 
सहकारिता मंत्री एवं सांपला नगर पालिका चुनाव प्रभारी डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि पूरे देश में भारतीय जनता पार्टी के प्रति जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है और सांपला भी इस विकास यात्रा में पीछे नहीं रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सांपला नगर पालिका चुनाव में भाजपा भारी बहुमत से विजय हासिल करेगी और नगर में चारों तरफ कमल खिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत-2047 की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और हरियाणा भी विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सांपला की जनता भी भाजपा के विकास मॉडल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है। उन्होंने कहा कि सांपला के प्रत्येक वार्ड में भाजपा को व्यापक समर्थन मिल रहा है।

सहकारिता मंत्री ने कहा कि सांपला के लोगों की आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए भविष्य में नगर को बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सांपला की छत्तीस बिरादरी भाजपा और कमल के साथ खड़ी है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास न तो कोई स्पष्ट उम्मीदवार है और न ही विकास का विजन, जबकि भाजपा सेवा, विकास और जनकल्याण की राजनीति कर रही है। डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता की सेवा के लिए समर्पित है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे नगर के विकास और मजबूत नेतृत्व के लिए कमल के फूल का समर्थन करें।

इस अवसर पर खरखौदा विधायक पवन खरखोदा, पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल, जिला अध्यक्ष एडवोकेट रणवीर ढाका, प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, रोहतक के मेयर राम अवतार वाल्मीकि, वरिष्ठ नेता कृष्णमूर्ति हुड्डा, जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजु हुड्डा, दीपक निवास हुड्डा, जिला प्रभारी सत्येंद्र परमार, डॉ. दिनेश घिलौड़ तथा मंडल अध्यक्ष कपिल अत्री, भाजपा के प्रधान पद के उम्मीदवार प्रवीन कोच व सभी पार्षद प्रत्याशी सहित अनेक व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

Advertisement
Tap to Refresh