न्यूज़म ब्यूरो
रेवाड़ी, 28 मई। हरियाणा के उद्योग, वाणिज्य एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने आज महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रखर राष्ट्रवादी और विचारक विनायक दामोदर सावरकर की जयंती (वीर सावरकर जयंती) पर वीर सावरकर उद्यान रेवाड़ी में अखंड भारतवर्ष द्वार का शिलान्यास किया और कहा कि वीर सावरकर का जीवन राष्ट्रवाद, राष्ट्र सेवा और अदम्य साहस का प्रतीक है।
मंत्री ने वीर सावरकर को नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन मातृभूमि की स्वतंत्रता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए समर्पित रहा। उन्होंने देश की आजादी के लिए सेलुलर जेल (काला पानी) की असंख्य यातनाएं झेल कर भी कभी अंग्रेजों के सामने घुटने नहीं टेके। उनका राष्ट्रवाद के प्रति संकल्प अडिग था, जो आज भी करोड़ों युवाओं में देशभक्ति की लौ जलाता है।
उन्होंने कहा कि आज हम अपने वीर शहीदों की बदौलत ही खुली हवा में सांस ले रहे हैं। हमें अपने वीर शहीदों के दिखाए मार्ग पर चलते हुए देश के विकास में अपना योगदान देने के लिए हमेशा रहना चाहिए। यह अखंड भारतवर्ष द्वार वीर सावरकर की जीवन के संघर्ष से रूबरू करवाते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी स्वतंत्रता सेनानियों के दिखाए मार्ग पर चलते हुए विकसित भारत-2047 का संकल्प लिया है। इस संकल्प को पूरा करने में हरियाणा भी अग्रणी भूमिका में रहेगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार बिना भेदभाव के समान रूप से पूरे प्रदेश में विकास कार्य करवा रही है। सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचा रही है।
मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में नई उद्योग नीति 1 जून से लागू की जाएगी। यह उद्योग नीति देश के समस्त राज्यों से सबसे बेहतर उद्योग नीतियों में से एक होगी। इस नीति में उद्योगों की सभी सहूलियत का विशेष रूप से ध्यान रखा गया है। इसके साथ-साथ गुरुग्राम में भी ग्लोबल सिटी बनाई जाएगी, जिसकी विश्व स्तर पर पहचान होगी। इसके अलावा रेवाड़ी में भी बावल के बाद कोसली क्षेत्र में भी आईएमटी का निर्माण करवाया जाएगा। यह आईएमटी प्रदेश की सबसे बड़ी आईएमटी के रूप में विकसित की जाएगी।
इस अवसर पर रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, वीर सावरकर उद्यान समिति के संरक्षक श्रीनिवास शास्त्री, अध्यक्ष रिपुदमन गुप्ता व अन्य मौजूद रहे।