Follow

नवनिर्वाचित मेयर-पार्षदों को नायाब संदेश- शहर के विकास का रोडमैप पूरी तरह हो जनकेंद्रित

पंचकूला नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर और पार्षदों शपथ ग्रहण समारोह आयोजित

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल  

नवनिर्वाचित महापौर श्याम लाल बंसल और सभी पाषर्दो को विजय व नई जिम्मेदारी के लिए दी बधाई एवं शुभकामनाएं 

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 28 मई। पंचकूला नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर और पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आज पंचकूला के सैक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष आडिटोरियम में आयोजित किया गया। समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्यअतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर अंबाला मंडलायुक्त संजीव वर्मा ने नवनिर्वाचित महापौर और पार्षदों को शपथ दिलवाई।

Advertisement

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर श्याम लाल बंसल और सभी पाषर्दो को विजय और नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी। साथ ही पंचकूला की जागरूक जनता का भी धन्यवाद किया जिन्होने विकास और जनसेवा के लिए प्रतिबद्व नेतृत्व को चुना। उन्होने नवनिर्वाचित मेयर और पार्षदों से कहा कि शहर के विकास का रोडमैप पूरी तरह जनकेंद्रित होना चाहिए।

उन्होंने पाषर्दो से संवाद करते हुए कहा कि जनता ने आपको पांच वर्षों के लिए सेवा का अवसर दिया है। जनता के बीच रहें, उनकी समस्याओं को सुनें और केवल विकास को अपना लक्ष्य बनाएं। पंचकूला के विकास के लिए धन की कोई कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य पंचकूला को स्वच्छ और हरित शहर बनाना है। इसलिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन- 2.0 को हमें पंचकूला की हर गली और हर सेक्टर तक पहुंचाना है। हमें ग्रीन पंचकूला के संकल्प को और मजबूत करना है।

इस अवसर पर शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, कालका की विधायक शक्ति रानी शर्मा, राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा, हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, जिला अध्यक्ष अजय मितल, कालका नगर परिषद के चेयरमैन कृष्ण लाल लांबा, हरियाणा शिवालिक विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष ओम प्रकाश देवीनगर, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक मुकूल कुमार, उपायुक्त सतपाल शर्मा, पुलिस उपायुक्त सृष्टि गुप्ता, नगर निगम आयुक्त विनय कुमार, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरूण भंडारी, मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण अत्रे, साध्वी अमृता दीदी सहित अन्य व्यक्ति मौजूद रहे।

 

Advertisement
Tap to Refresh