Follow

केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने प्रयास चंडीगढ़ में किया ‘नेत्रा’ डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन

 न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 14 फरवरी 2026 : केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने आज प्रयास, सेक्टर 38-बी, चंडीगढ़ में दृष्टिबाधित व्यक्तियों के लिए स्थापित “नर्चरिंग एम्पावरमेंट थ्रू रीडिंग एक्सेस (NETRA)” डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। 
 

 

उद्घाटन समारोह में सत्यपाल जैन, पूर्व सांसद एवं अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल भारत सरकार; राजीव शर्मा, संयुक्त सचिव, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग; अनुराधा छग्ती, सचिव, सामाजिक कल्याण, महिला एवं बाल विकास; पालिका अरोड़ा, निदेशक, सामाजिक कल्याण, चंडीगढ़ प्रशासन; तथा अनिल कुमार, अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, एनडीएफडीसी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
 

 

‘नेत्रा’ की स्थापना का उद्देश्य दृष्टिबाधित व्यक्तियों के लिए सुलभ एवं समावेशी पठन सुविधाएँ सुनिश्चित करना है। यह डिजिटल लाइब्रेरी आधुनिक सहायक प्रौद्योगिकियों से सुसज्जित है, जिनमें स्क्रीन-रीडिंग सॉफ्टवेयर, ब्रेल-सक्षम प्रणाली, डिजिटल रीडिंग डिवाइस तथा अन्य सुलभ शिक्षण उपकरण शामिल हैं। यह सुविधा दृष्टिबाधित लाभार्थियों को शैक्षिक संसाधनों, प्रतियोगी परीक्षाओं की अध्ययन सामग्री तथा डिजिटल ज्ञान मंचों तक स्वतंत्र पहुँच प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
 

 

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति भारत सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया तथा समान अवसर एवं समतुल्य पहुँच सुनिश्चित करने में प्रौद्योगिकी आधारित समाधानों के महत्व पर बल दिया।
 

 

Advertisement

चंडीगढ़ प्रशासन ने दिव्यांग व्यक्तियों के समावेशी विकास तथा पुनर्वास एवं सशक्तिकरण पहलों को और सुदृढ़ करने के प्रति अपनी निरंतर प्रतिबद्धता दोहराई।
 
कार्यक्रम का समापन लाभार्थियों के साथ संवाद तथा नवस्थापित डिजिटल लाइब्रेरी के अवलोकन के साथ हुआ।
 
Advertisement
Tap to Refresh