धार / भोपाल। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने मंगलवार को मध्य प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में इजाफे का सूत्रपात कर दिया। यहां धार और बैतूल में दो नए मेडिकल कॉलेजों के निर्माण की आधारशिला रखी गई, जिस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव समेत उनकी कैबिनेट के कई मंत्री मौके पर उपस्थित रहे।
यहां मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि हम सभी के लिए यह सौभाग्य का विषय है कि बाबा महाकाल की कृपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएँ निरंतर सशक्त हो रही हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा की गरिमामयी उपस्थिति में आज धार एवं बैतूल में पीपीपी मॉडल पर दो नए मेडिकल कॉलेजों की आधारशिला रखी जा रही है।

डॉ यादव ने कहा कि इनके निर्माण के साथ ही प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 35 हो जाएगी। यहां धार के पीजी कॉलेज के मैदान में आयोजित जन निजी भागीदारी आधारित चिकित्सा महाविद्यालय के भूमि पूजन कार्यक्रम का शुभारम्भ केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया।
इस अवसर पर केन्द्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला और कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित अन्य गणमान्य जन प्रतिनिधि उपस्थित रहे।