Follow

संविधान की भावना सदन से गांव और समाज के हर वर्ग तक पहुंचे : महिपाल ढांडा

न्यूज़म ब्यूरो 

चंडीगढ़, 2 नवंबर। हरियाणा के संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि हमारे लोकतंत्र की आत्मा और देश की एकता का आधार है। यह नागरिकों को अधिकारों के साथ-साथ उनके कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करता है। संविधान की भावना केवल सदन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे गांवों, विद्यालयों, महाविद्यालयों और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

वे सोमवार को पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में हरियाणा विधानसभा द्वारा आयोजित संविधान पखवाड़े के तहत जनप्रतिनिधि सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा, विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण, उपाध्यक्ष कृष्ण मिड्ढा, मंत्रियों, विधायकों, पूर्व विधायकों और अधिकारियों का अभिनंदन किया।

संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया और 26 जनवरी 1950 को यह लागू हुआ। संविधान निर्माताओं और संविधान सभा के सदस्यों ने ऐसे भारत की कल्पना की थी, जहां प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व का अधिकार मिले तथा सभी को सम्मान और समान अवसर प्राप्त हों।

उन्होंने कहा कि हरियाणा विधानसभा लोकतांत्रिक मूल्यों और जन आकांक्षाओं की अभिव्यक्ति का महत्वपूर्ण मंच है। संसदीय कार्य मंत्री के रूप में उनका मानना है कि सदन की गरिमा बनाए रखना, संसदीय मर्यादाओं का पालन करना और जनहित के विषयों पर स्वस्थ चर्चा व सार्थक संवाद करना ही लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति है।

Advertisement

उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की अपनी-अपनी महत्वपूर्ण भूमिका है। सदस्यों के विचार और मत अलग हो सकते हैं, लेकिन जनहित और प्रदेश का विकास सभी का साझा उद्देश्य होना चाहिए। सदन में सहमति-असहमति हो सकती है, लेकिन आपसी मतभेद नहीं होने चाहिए।

संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि संविधान पखवाड़े के अवसर पर सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि संविधान के आदर्शों, लोकतांत्रिक परंपराओं और संसदीय गरिमा को सर्वोपरि रखेंगे। जनसेवा, पारदर्शिता और जवाबदेही के माध्यम से हरियाणा को विकास और सुशासन की नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सभी मिलकर योगदान देंगे।

उन्होंने अपने संबोधन के अंत में कहा कि संविधान हमारा गौरव है, लोकतंत्र हमारी शक्ति है और जनसेवा हमारा सर्वोच्च कर्तव्य है। इसी भावना के साथ उन्होंने सभी को संविधान पखवाड़े की शुभकामनाएं दीं।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh