उपलब्ध सुविधाओं का लिया जायजा, साइन लैग्वेज की विभिन्न विषयों की पुस्तकों का किया विमोचन
राज्यपाल ने वर्किंग वूमन हॉस्टल संचालन के लिए भारतीय ग्रामीण महिला संघ की करी सराहना
न्यूज़म ब्यूरो
पंचकूला, 25 फरवरी : हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने आज सेक्टर-16 स्थित हरियाणा वेलफेयर सोसायटी फॉर पर्सन्स विद स्पीच एंड हियरिंग इम्पेयरमेंट तथा सेक्टर-10 स्थित भारतीय ग्रामीण महिला संघ (वूमन हॉस्टल) का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी मित्रा घोष, राज्यपाल के सचिव डी.के. बेहरा, उपायुक्त सतपाल शर्मा, पुलिस उपायुक्त सृष्टि गुप्ता, एसडीएम पंचकूला चंद्रकांत कटारिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

राज्यपाल ने संस्थान में अध्ययनरत मूक-बधिर बच्चों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने भाषा अनुवादक के माध्यम से बच्चों को लगन और मेहनत से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अध्यापक उनकी हर प्रकार से सहायता कर रहे हैं और बच्चों को भी पूरी लगन से शिक्षा ग्रहण करनी चाहिए। इस अवसर पर राज्यपाल ने मूक-बधिर बच्चों के लिए साइन लैग्वेज की विभिन्न विषयों की पुस्तकों का भी विमोचन किया।

इससे पूर्व, राज्यपाल ने संस्थान का विस्तृत दौरा कर मूक एवं बधिर बच्चों की शिक्षा और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संस्थान परिसर में प्रस्तावित अतिरिक्त ब्लॉक के स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ करने के निर्देश दिए। इस तीन मंजिला अतिरिक्त ब्लॉक में कार्यालय भवन और लाइब्रेरी का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने बच्चों की आवश्यकताओं के अनुरूप भवन का आधुनिक डिजाइन तैयार करने के निर्देश दिए।

राज्यपाल ने अतिरिक्त ब्लॉक के लिए नए भवन नक्शे को तैयार करने, परिसर में बनी अनुपयोगी संरचनाओं को हटाने तथा खाली पड़ी भूमि की साफ-सफाई कर उसे बच्चों के लिए हरे-भरे खेल मैदान के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही मूक-बधिर बच्चों के कल्याण हेतु किए जा रहे कार्यों में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
हरियाणा इंस्टीट्यूट ऑफ स्पीच एंड हियरिंग की चेयरपर्सन मेघा भंडारी ने राज्यपाल को अवगत कराया कि वर्तमान में संस्थान में 104 बच्चे अध्ययनरत हैं। इनमें 30 बच्चे नर्सरी से 5वीं कक्षा तक, 37 बच्चे डिप्लोमा इन एजुकेशन (हियरिंग इम्पेयर्ड) तथा 37 बच्चे डिप्लोमा इन टीचिंग इंडियन साइन लैंग्वेज कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा में इस प्रकार के कुल 8 संस्थान संचालित किए जा रहे हैं और सभी संस्थानों के भवनों व हॉस्टलों के नवीनीकरण की योजना बनाई जा रही है, ताकि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

उन्होंने यह भी बताया कि पंचकूला स्थित संस्थान में हरियाणा के साथ-साथ अन्य राज्यों के बच्चे भी विभिन्न पाठ्यक्रमों में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इस अवसर पर हरियाणा इंस्टीट्यूट ऑफ स्पीच एंड हियरिंग के महासचिव कृष्ण कुमार चौपड़ा तथा सहायक निदेशक संजीव कुमार भी उपस्थित रहे।

इसके उपरांत राज्यपाल ने सेक्टर-10 स्थित भारतीय ग्रामीण महिला संघ (वूमन हॉस्टल) का दौरा किया और कामकाजी महिलाओं के लिए उपलब्ध भोजन व आवास व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने हॉस्टल के मैस और रसोईघर का निरीक्षण कर महिलाओं के लिए की जा रही भोजन व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए उन्होंने हॉस्टल में एयर कंडीशनर की समुचित व्यवस्था तथा सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की आवश्यकता पर बल दिया।

राज्यपाल ने भारतीय ग्रामीण महिला संघ की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे वर्किंग वूमन हॉस्टल के माध्यम से समाज सेवा का सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने इस दिशा में अपनी ओर से हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि हॉस्टल में रहने वाली महिलाओं से मिलने आने वाले परिजनों एवं रिश्तेदारों की सुविधा के लिए आगामी वित्त वर्ष में एक विजिटर रूम की व्यवस्था करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने कामकाजी महिलाओं की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए हॉस्टल में कमरों की संख्या बढ़ाने की संभावनाओं का भी आकलन करने के निर्देश दिए।

भारतीय ग्रामीण महिला संघ के आयोजन सचिव चंद्रहर्ष गोयल ने राज्यपाल को वूमन हॉस्टल में उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संघ द्वारा ‘नो प्रॉफिट, नो लॉस’ के आधार पर वूमन हॉस्टल का संचालन किया जा रहा है। वर्तमान में हॉस्टल में 25 कमरों की व्यवस्था है। कामकाजी महिलाओं के लिए यहां स्वच्छ भोजन के साथ-साथ किफायती दरों पर सुरक्षित एवं बेहतर आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इस अवसर पर प्रणव गुप्ता, कार्यकारी सदस्य ओ.पी. अरोड़ा तथा पूर्व महासचिव संघ मित्रा भी उपस्थित रहीं।