Follow

नायब सरकार का उद्देश्य गांव-शहर दोनों में मिले बेहतर कनेक्टिविटी : रणबीर गंगवा

हिसार के तलवंडी राणा के ग्रामीणों को मिलेगा वैकल्पिक रास्ताअधिकारियों और ग्रामीणों ने मंत्री की मौजूदगी में की चर्चा

विकल्प टू पर बनी सहमतिअगली कार्रवाई में तेजी लाने के दिए निर्देश

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 20 मई। हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि हिसार जिला के गांव तलवंडी राणा के ग्रामीणों को रास्ता देना मुख्यमंत्री की कमिटमेंट है और हर हाल में उसे पूरा किया जाएगा।

मंत्री रणबीर गंगवा ने तलवंडी राणा से हिसार के लिए वैकल्पिक सड़क उपलब्ध करवाने के मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों की सचिवालय स्थित कार्यालय में उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की।

Advertisement

बैठक के दौरान हरियाणा सिविल एविएशन विभाग, वन विभाग, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, पीडब्ल्यूडी (बी एंडआर) विभाग तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों ने अपने-अपने सुझाव रखे। साथ ही तलवंडी राणा रोड बचाओ संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की ओर से भी सड़क निर्माण को लेकर अपनी मांगें और सुझाव प्रस्तुत किए गए। अधिकारियों और ग्रामीणों ने मंत्री श्री गंगवा की मौजूदगी में मैप का विश्लेषण भी किया, और विकल्पों पर चर्चा की, जिससे समस्या का हल हो सके।

बैठक में सड़क निर्माण के लिए सभी संभावित मार्गों, स्थानों एवं तकनीकी विकल्पों पर विस्तार से चर्चा की गई ताकि ग्रामीणों को जल्द से जल्द बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके। इस दौरान अधिकारियों ने धांसू रोड स्थित बॉटलिंग प्लांट के पास से क्या विकल्प हो सकते हैं, उन पहलुओं को भी सांझा किया। इस दौरान विभाग के अधिकारियों द्वारा सुझाएं गए विकल्प टू को पूरा करने की दिशा में कदम उठाने पर सहमति बनी। इसके साथ ही एयरपोर्ट के दायरे में आने वाली 20 मीटर जगह को लेकर एविएशन के साथ पत्राचार भी किया जाएगा। विकल्प टू के तहत बनाए जाने वाले रास्ते पर वन विभाग, जीएलएफ और निजी भूमि आती है।

कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि गांव तलवंडी राणा के लोगों की लंबे समय से चली आ रही सड़क संबंधी समस्या का स्थायी समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश सरकार का उद्देश्य गांव और शहर दोनों में बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।

गंगवा ने कहा कि सड़क निर्माण से गांव तलवंडी राणा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि परियोजना में आने वाली तकनीकी और प्रशासनिक बाधाओं का समय रहते समाधान किया जा सके।

बैठक में पीडब्ल्यू (बी एंड आर) विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एके सिंह, पूर्व आईजी दलबीर भारती, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, रणधीर सिंह धीरू, ओमप्रकाश कोहली सहित अधिकारीगण और ग्रामीण मौजूद थे।

 

Advertisement
Tap to Refresh