Follow

NCP के विलय पर सुनेत्रा पवार ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं- वक्त आने पर सबको पता चल जाएगा

शरद पवार और सुनेत्रा पवार के हाथ में फैसला, नेताओं की मुलाकातों से दोनों गुटों के एक होने की अटकलें तेज

न्यूज़म ब्यूरो

मुंबई, 11 नवंबर। महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के विलय को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इस बीच उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने पहली बार इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि सही समय आने पर सभी को इसकी जानकारी मिल जाएगी। उन्होंने विलय की संभावना को न तो स्वीकार किया और न ही खारिज किया। उनके इस बयान के बाद दोनों गुटों के एक साथ आने की चर्चाओं को और बल मिला है।

बारामती में दिया बयान

बुधवार को बारामती में बिरसा मुंडा जनजातीय गौरव दिवस के संबंध में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सुनेत्रा पवार से NCP के दोनों गुटों के विलय को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा, “आज की हमारी पत्रकार परिषद का विषय अलग है। आप सब दूसरे विषय के बारे में उत्सुक हैं, ये मुझे पता है। फिर भी मैं आप सबको बताना चाहती हूं कि जैसे वक्त आएगा, वैसे आपको पता चल जाएगा।” उन्होंने इस मुद्दे पर कोई स्पष्ट राजनीतिक संकेत नहीं दिया।

Advertisement

शरद पवार से नेताओं की मुलाकातें

विलय की अटकलों के बीच मुंबई स्थित शरद पवार के आवास सिल्वर ओक पर नेताओं की मुलाकातों का सिलसिला जारी है। अजित पवार के बेटे पार्थ पवार ने लगातार दो दिनों तक शरद पवार से मुलाकात की। दोनों बैठकें करीब दो घंटे चलीं। NCP (SP) के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने भी उनसे दो बार मुलाकात की, जबकि रोहित पवार ने अलग से बातचीत की। इसके अलावा जयंत पाटिल, अमोल कोल्हे, अनिल देशमुख और जितेंद्र आव्हाड भी शरद पवार से मिले।

12 फरवरी 2026 को विलय की थी चर्चा

NCP के वरिष्ठ नेता सुनील तटकरे ने पहले दावा किया था कि अजित पवार ने दोनों गुटों के विलय का फॉर्मूला तय किया था और 12 फरवरी 2026 को विलय होना था। हालांकि, बाद में उन्होंने कहा कि इस संबंध में अंतिम फैसला सुनेत्रा पवार और शरद पवार को लेना है। तटकरे की सुनेत्रा पवार से मुलाकात के बाद भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हुई हैं।

इससे पहले NCP के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने ब्रीच कैंडी अस्पताल में शरद पवार से मुलाकात की थी। उन्होंने बताया था कि वह शरद पवार की सेहत का हाल जानने पहुंचे थे। हालांकि, उन्होंने राजनीतिक बातचीत की संभावना से इनकार नहीं किया था। शरद पवार ने भी 10 नवंबर के बाद साथ बैठकर चर्चा करने का संकेत दिया था।

नेतृत्व और संगठन पर पेच

दोनों गुटों के विलय की राह में नेतृत्व और संगठन पर नियंत्रण जैसे मुद्दे अहम माने जा रहे हैं। सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार की ओर से विलय पर अब तक कोई स्पष्ट सहमति सामने नहीं आई है। वहीं, अजित पवार गुट में पार्थ पवार की बढ़ती भूमिका को लेकर कुछ वरिष्ठ नेताओं की नाराजगी की खबरें भी सामने आई हैं।

रोहित पवार ने चर्चा से किया इनकार

दूसरी ओर, NCP (SP) के नेता रोहित पवार ने कहा है कि उनकी पार्टी में विलय को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। उनके मुताबिक, इस तरह की बातचीत अजित पवार गुट और मीडिया में चल रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी स्पष्ट कर चुके हैं कि दोनों गुटों के साथ आने का फैसला शरद पवार और सुनेत्रा पवार को ही करना है।

ऐसे में NCP के दोनों गुटों के विलय को लेकर तस्वीर अभी साफ नहीं है। राजनीतिक जानकारों की नजर इस बात पर है कि नेतृत्व और संगठन के सवालों पर दोनों पक्ष किस तरह सहमति बनाते हैं। इसके साथ ही बीजेपी के साथ भविष्य के राजनीतिक समीकरण भी इस संभावित विलय की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण होंगे।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh