Follow

भाजपा की सफलता का आधार है मजबूत संगठन और अनुशासित कार्यकर्ता : डा.सतीश पूनिया

करोड़ों कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत से आज भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है : डा. सतीश पूनिया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी नई पहचान बनाई है : डा. सतीश पूनिया

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 31 मई। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत रविवार को माधवगढ़ फार्म, टिकली रोड, गुरुग्राम में आयोजित गुरुग्राम जिला प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कार्य विस्तार, विचारधारा, संगठन की मजबूती, राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने पार्टी के कार्य विस्तार विषय पर कार्यकर्ताओं के साथ विस्तार से चर्चा की। इससे पहले कार्यक्रम में पहुंचने पर जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने सभी नेताओं का जोरदार स्वागत किया।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक व्यापक अभियान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र के साथ एक भारत-श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

Advertisement

डॉ. पूनिया ने कहा कि भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है तो उसके पीछे करोड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, निष्ठा और सेवा भाव है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और वही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर संगठन को मजबूत किया है, जिसके परिणामस्वरूप भाजपा का जनाधार लगातार बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि पार्टी का विस्तार केवल सदस्य संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का अभियान है। कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे सरकार की योजनाओं और नीतियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं तथा जनता और संगठन के बीच मजबूत सेतु का कार्य करें।

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी नई पहचान बनाई है। देश आज आर्थिक, सामरिक और तकनीकी दृष्टि से तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, हर घर जल, स्वच्छ भारत मिशन, डिजिटल इंडिया, जनधन योजना और आत्मनिर्भर भारत अभियान जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन कार्यक्रमों ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का संकल्प केवल सरकार का नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक और कार्यकर्ता का भी संकल्प है।

प्रदेश प्रभारी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे मोदी और नायब सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि कई बार पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते। ऐसे में भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाएं।

प्रदेश प्रभारी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सरकार की उपलब्धियों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने गरीब कल्याण, पारदर्शी प्रशासन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। बिना पर्ची और बिना खर्ची के रोजगार देने की नीति ने युवाओं में विश्वास बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि अंत्योदय की भावना के साथ सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। गरीबों के लिए आवास, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, महिलाओं के सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। इन उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

डॉ. पूनिया ने कहा कि भाजपा की सफलता का आधार उसका मजबूत संगठन और अनुशासित कार्यकर्ता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने, नए लोगों को पार्टी से जोड़ने तथा बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समर्पित कार्यकर्ताओं के बल पर भाजपा आने वाले समय में भी जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए राष्ट्र सेवा के अपने संकल्प को आगे बढ़ाती रहेगी।


संगठन की शक्ति ही राष्ट्र निर्माण की आधारशिला: ओम प्रकाश धनखड़
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन सुदृढ़ीकरण एवं कार्यकर्ता निर्माण के उद्देश्य से आयोजित यह प्रशिक्षण वर्ग ऊर्जा, अनुशासन और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की वास्तविक ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं और भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी उसका कर्मठ कार्यकर्ता हैं।

धनखड़ ने कहा कि संगठन की शक्ति ही राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी आधारशिला है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित के लिए समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने पार्टी की रीति-नीति और कार्यपद्धति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा विचार आधारित संगठन है जो सेवा, सुशासन और राष्ट्र प्रथम के सिद्धांत पर कार्य करती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और विश्व पटल पर अपनी अलग पहचान बना रहा है। आज देश रक्षा, कृषि, विज्ञान, तकनीक, डिजिटल नवाचार और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और विकास की इस यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

सोशल मीडिया और आईटी मीडिया की बढ़ती भूमिका पर जवाहर यादव ने किया मार्गदर्शन
प्रशिक्षण वर्ग में जवाहर यादव ने सोशल मीडिया एवं आईटी मीडिया की उपयोगिता विषय पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल प्लेटफॉर्म जनसंपर्क का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुके हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों, संगठन के कार्यक्रमों और सकारात्मक कार्यों को तेजी से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से तकनीक का सकारात्मक और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने का आग्रह किया।


मदन गोयल ने विचार परिवार विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रवादी विचारधारा से प्रेरित एक व्यापक परिवार है। उन्होंने कहा कि विचार परिवार के विभिन्न संगठन समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में राष्ट्रहित के कार्य कर रहे हैं और सभी का उद्देश्य राष्ट्र को सशक्त बनाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वैचारिक स्पष्टता बनाए रखने और संगठन के मूल सिद्धांतों को समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।

सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं कार्यकर्ता : महेश गोड़
भाजपा नेतो महेश गोड़ ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी संभव है जब पात्र व्यक्ति तक उनकी जानकारी पहुंचे और उन्हें योजनाओं का लाभ मिले।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे गांव-गांव और वार्ड-वार्ड जाकर सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच एक मजबूत सेतु की भूमिका निभाते हैं। कार्यकर्ताओं के प्रयासों से ही योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचेगा और विकसित भारत के संकल्प को नई गति मिलेगी।

प्रशिक्षण शिविर से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है : सर्वप्रिय त्यागी 
जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कार्यक्रम में पहुंचने पर सभी नेताओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण शिविर संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से समृद्ध करने का कार्य करते हैं।

त्यागी ने कहा कि भाजपा का यह दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं में नई उर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि कहा कि सभी कार्यकर्ता मोदी और नायब सैनी सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, विधायक मुकेश शर्मा, प्रदेश सचिव गार्गी कक्कड, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी, बोधराज सीकरी, जिला महामंत्री अजीत यादव, मनीष सैदपुर, बेगराज यादव, जिला मीडिया प्रभारी हितेष चौधरी, सह मीडिया प्रभारी वरूण चौहान सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

Advertisement
Tap to Refresh