Follow

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना हिमाचल सरकार की प्राथमिकता : CM सुक्खू

टिक्कर-जरोल-गाहन सड़क के लिए 36 करोड़ रुपये स्वीकृत, क्वालिटी से नहीं होगा समझौता : मुख्यमंत्री सुक्खू 

न्यूज़म ब्यूरो

शिमला, 2 अक्तूबर। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद सभी क्षेत्रों का समान और संतुलित विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की आय बढ़ाकर पैसा सीधे गांवों की अर्थव्यवस्था में पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है।

रामपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में उनकी सरकार बनने के समय दूध का खरीद मूल्य 32 रुपये प्रति लीटर था, जिसे अब बढ़ाकर लगभग दोगुना किया गया है। इससे किसानों और पशुपालकों की आय में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि बागवानों और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है।

Advertisement

उन्होंने कहा कि मंडी मध्यस्थता योजना के तहत सेब के खरीद मूल्य में एक रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई है। अब सेब 12 रुपये के बजाय 13 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदा जाएगा। इससे सेब बागवानों को सीधा लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि टिक्कर-जरोल-गाहन सड़क के निर्माण के लिए राज्य सरकार ने 36 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इस सड़क के बनने से क्षेत्र के सेब बागवानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए।

सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ने हाल ही में किशाऊ बांध परियोजना में हिमाचल प्रदेश के हितों की बड़ी जीत सुनिश्चित की है। परियोजना के निर्माण के बाद हिमाचल प्रदेश को प्रतिवर्ष लगभग 1,200 से 1,500 करोड़ रुपये का लाभ होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सरकार के खजाने में पर्याप्त राजस्व आने से प्रदेश में बेहतर स्कूल, स्वास्थ्य संस्थान और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा सकेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह रामपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत पाट गाँव में आयोजित ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम में भी शामिल होंगे और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे। उन्होंने कहा कि गांवों के लोगों से प्राप्त सुझावों और समस्याओं के आधार पर आवश्यक योजनाओं को बजट में शामिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में किए गए विभिन्न उद्घाटनों और शिलान्यासों के लिए क्षेत्रवासियों को बधाई दी।

इससे पहले मुख्यमंत्री सुक्खू का रामपुर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक नंदलाल, मिल्कफेड के चेयरमैन बुद्धि सिंह ठाकुर, हिमकोन के चेयरमैन विकेश चौहान, हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर, पूर्व विधायक किशोरीलाल, उपायुक्त अनुभव कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित अन्य व्यक्ति उपस्थित थे।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh