न्यूज़म ब्यूरो
मेरठ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत जिस वंदे भारत एक्सप्रेस से मेरठ पहुंचे, उस पर हरदोई में पथराव की घटना सामने आई है। पथराव से ट्रेन के एक कोच की खिड़की का शीशा टूट गया। घटना गुरुवार दोपहर करीब 3.20 बजे हुई, जब ट्रेन दिल्ली की ओर जा रही थी। हालांकि संघ प्रमुख भागवत पूरी तरह सुरक्षित हैं।
बताया गया कि वाराणसी–मेरठ रूट पर चल रही वंदे भारत एक्सप्रेस जब हरदोई के कौढ़ा गांव के पास बलोखर फाटक से गुजर रही थी, तभी कोच C4 की खिड़की पर पत्थर आकर लगा। उस समय ट्रेन में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। मोहन भागवत कोच E1 में सवार थे। घटना के फौरन बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उनका रेलवे कोच बदल दिया।
उधर, सूचना मिलने पर GRP और RPF ने मौके का निरीक्षण किया। GRP के अनुसार, रेलवे ट्रैक के पास क्रिकेट खेल रहे बच्चों की गेंद लगने या शरारतन किसी के द्वारा पत्थर फेंकने की आशंका है। अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। बीते वीरवार की देर रात संघ प्रमुख मोहन भागवत मेरठ स्टेशन पर कड़ी सुरक्षा के बीच उतरे।