न्यूज़म ब्यूरो
पंचकूला, 9 फरवरी : राजकीय महाविद्यालय बरवाला (पंचकूला) द्वारा उच्चतर शिक्षा विभाग हरियाणा के तत्वावधान में आयोजित हरियाणा राज्य अंतर कॉलेज बैडमिंटन टूर्नामेंट 2025-26 के दूसरे दिन भी मुकाबले रोमांचक रहे। यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 8 फरवरी से 10 फरवरी 2026 तक ताऊ देवी लाल स्टेडियम, सेक्टर-3, पंचकूला में आयोजित की जा रही है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नरेंद्र सिवाच ने कहा कि इस प्रकार के राज्य स्तरीय टूर्नामेंट विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. इक़बाल संधू (सेवानिवृत्त प्राचार्य) उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक छात्र को किसी एक खेल को अपनाकर उसमें निरंतर अभ्यास करते हुए आगे बढ़ना चाहिए, जिससे जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और सफलता प्राप्त होती है। कार्यक्रम में डॉ. प्रोमिला, वाइस प्रेसिडेंट, फरीदाबाद भाजपा कार्यकारिणी, तथा विनोद चहल, सहायक प्रोफेसर, शारीरिक शिक्षा विभाग, सेक्टर-1, पंचकूला भी विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे। आज हरियाणा स्टेट इंटर कॉलेज बैडमिंटन चैंपियनशिप 2025-26 में पुरुष एवं महिला वर्ग के क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। पुरुष टीम चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में गवर्नमेंट नेशनल कॉलेज, सिरसा ने राजकीय महाविद्यालय, बरवाला को 3-0 से पराजित किया, जबकि एमएनएस कॉलेज, भिवानी ने दयानंद कॉलेज, हिसार को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल मुकाबले में एनआईआईएलएम यूनिवर्सिटी, कैथल ने गवर्नमेंट नेशनल कॉलेज, सिरसा को 3-0 से पराजित कर फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की।
महिला टीम चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में गवर्नमेंट कॉलेज सेक्टर-9, गुरुग्राम ने राजकीय महाविद्यालय, बरवाला को 2-0 से तथा एसडी कॉलेज, अंबाला ने डीजीसी गुरुग्राम को 2-0 से हराया। सेमीफाइनल में एनआईआईएलएम यूनिवर्सिटी, कैथल ने गवर्नमेंट कॉलेज सेक्टर-9, गुरुग्राम को 2-0 से पराजित किया, जबकि टीआरजीसी सोनीपत ने एसडी कॉलेज, अंबाला को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को खेलकूद की भावना, टीम वर्क तथा जीवन में निरंतर आगे बढ़ने का प्रेरक संदेश दिया।
टूर्नामेंट के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने शानदार तकनीकी कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया, जिससे दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस टूर्नामेंट के अंतिम दिन फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।