Follow

प्रदेश सरकार द्वारा भविष्य में शिक्षा पर और ध्यान दिया जाएगा : विधानसभाध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण

Listen to this article

न्यूज़म ब्यूरो 

चंडीगढ़, 22 फरवरी : हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि सरकार द्वारा भविष्य में प्रदेश में शिक्षा पर और ध्यान दिया जाएगा। इस प्लान में उन सभी स्कूलों में नए भवन बनवाए जाएंगे जहां जरूरत होगी। आगामी दो साल में जहां भी जमीन उपलब्ध होगी वहां महिलाओं के लिए चौपाल बनवाई जाएंगी।

कल्याण आज करनाल के अमृतपुर कलां गांव में पौने दो करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक केंद्र का शिलान्यास करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। पंचायती राज विभाग की ओर से इस केंद्र का निर्माण कार्य 15 महीने के अंदर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। 

Advertisement

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में घरौंडा हलके में विकास के अनेक कार्य कराए गए हैं। कई गांवों में कम्युनिटी सेंटर बनवाए गए हैं। अमृतपुर कलां गांव सहित करीब 17 गांवों के स्कूलों को सीनियर सेकेंडरी बनवाया गया।

कल्याण ने कहा कि अब पढ़ने वाले बच्चों को मेरिट पर नौकरी मिल रही है। कोशिश है कि हर युवा पैरों पर खड़ा हो, ऐसा होने से परिवार, समाज व देश प्रगति करेगा। उन्होंने कहा कि बच्चों में अच्छे संस्कार डालें। उन्हें मेहनत के लिए प्रेरित करें, उन्हें ठीक-गलत का ज्ञान दें।

उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह के लिए घरौंडा में प्रदेश का पहला ट्रेनिंग सेंटर बन रहा है। अराईपुरा में एनसीसी अकादमी बनाई जा रही है। यमुना बेल्ट में दूसरी आईटीआई बनवाई जाएगी। उन्होंने महिलाओं से लाडो लक्ष्मी योजना और ग्रामीणों से सूर्य घर मुफ्त योजना का लाभ उठाने की अपील की।

इस मौके पर एसडीएम राजेश सोनी, बीडीपीओ सोमवीर खटकड़ व अन्य लोग मौजूद रहे।

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh