Follow

स्पीकर हरविन्द्र कल्याण ने कैपिटल कॉम्प्लेक्स में रोपा ‘एक पेड़ मां के नाम’

पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने शुक्रवार को कैपिटल कॉम्प्लेक्स परिसर में पौधरोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने पिलखन का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास का संदेश दिया। कार्यक्रम में विधान सभा के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी भाग लिया तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कैपिटल कॉम्प्लेक्स में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पिलखन का पौधा लगाते हरियाणा विधानसभाध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण। साथ में विधानसभा के वरिष्ठ अधिकारी।

इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों को समझने और उन्हें निभाने का संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने का एक प्रेरणादायक प्रयास है। यह अभियान हमारी माताओं के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने का संदेश देता है।

Advertisement

उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे केवल हरियाली का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि जीवन के आधार हैं। बढ़ते शहरीकरण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण का महत्व और अधिक बढ़ गया है। यदि प्रत्येक नागरिक अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़े जन आंदोलन का रूप ले सकता है।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पर्यावरण संरक्षण तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। इस दौरान विधान सभा सचिव राजीव प्रसाद, अध्यक्ष के सलाहकार राम नारायण यादव समेत अनेक अधिकारियों ने भी पौधरोपण किया।

Advertisement
Tap to Refresh