भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने गुरुग्राम यूनिवर्सिटी में श्रीमद्भगवद् गीता पर अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में नीति, राजनीति एवं गीता’ विषय पर युवाओं से संवाद किया
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 11 फरवरी। भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने बुधवार को गुरुग्राम यूनिवर्सिटी में श्रीमद् भगवद् गीता पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में सम्मिलित होकर ’नीति, राजनीति एवं गीता’ विषय पर युवाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि श्रीमद् भगवद् गीता न केवल आत्मा का ज्ञान देती है, बल्कि कर्म, नीति और जीवन की हर चुनौती में सही मार्गदर्शन भी प्रदान करती है। इस मौके पर उन्होंने अपनी पुस्तक ’अग्निपथ नहीं जनपथ’ पर भी चर्चा युवाओं के साथ चर्चा की।

डा. सतीश पूनिया ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जापान के राष्ट्रपति से लेकर कई विकसित देशों के राष्ट्राध्यक्षों को गीता भेंट की, इन ऐतिहासिक क्षणों की साक्षी पूरी दुनिया है।

डा. पूनिया ने कहा कि श्रीमद् भगवद् गीता विपरीत परिस्थितियों में भी साहसपूर्वक धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। गीता सिखाती है कि कर्म करना मनुष्य का अधिकार है, लेकिन उसके फल पर नहीं। युवाओं से संवाद करते हुए डा. सतीश पूनिया ने कहा कि अर्जुन की तरह जब भी हम असमंजस या नैतिक संकट में हों तो गीता समभाव, ज्ञान और बुद्धि से सही निर्णय लेने की राह दिखाती है।

भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने अपनी पुस्तक ‘अग्निपथ नहीं, जनपथ’ पर युवाओं से चर्चा करते हुए कहा कि यह किताब जनप्रतिनिधियों को संसदीय परंपरा के प्रति जागरूक करती है। इस मौके पर यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. संजय कौशिक, कुलसचिव डॉ. संजय अरोड़ा, संरक्षक प्रो. नीरा वर्मा, सम्मेलन अध्यक्ष प्रो. राकेश कुमार योगी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।