Follow

संक्रामक रोगों की समय पर पहचान, रोकथाम व नियंत्रण के लिए शिमला तैयार : मुख्यमंत्री सुक्खू

Listen to this article

शिमला के बालूगंज में मेट्रोपॉलिटन सर्विलांस यूनिट का लोकार्पण

न्यूज़म ब्यूरो

शिमला, 14 अप्रैल, 2026 : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज शिमला के बालूगंज में 1.56 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित आधुनिक तकनीक से लैस विशेष शहरी स्वास्थ्य प्रणाली मेट्रोपॉलिटन सर्विलांस यूनिट का लोकार्पण किया।

Advertisement

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेट्रोपॉलिटन सर्विलांस यूनिट शिमला के लिए एक प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के रूप में कार्य करने के अतिरिक्त समय पर कार्यवाही करना सुनिश्चित करेगी। किसी भी आपदा या रोग प्रकोप की स्थिति में यह यूनिट सक्रिय होकर स्थिति का विश्लेषण करेगी और अस्पतालों को सतर्क करेगी। उन्होंने बताया कि इस प्रकार की आधुनिक सर्विलांस यूनिट देश के केवल 20 शहरों में स्थापित की गई हैं और हिमाचल प्रदेश पहला एवं एकमात्र पर्वतीय राज्य है जहां यह यूनिट स्थापित है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मेट्रोपॉलिटन सर्विलांस यूनिट राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र और शिमला नगर निगम के बीच त्रिपक्षीय समझौते के माध्यम से स्थापित की गई है। यह पहल शिमला को सुरक्षित, स्वस्थ और प्रतिक्रियात्मक शहर बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

मेट्रोपॉलिटन सर्विलांस यूनिट के कार्यों में स्वास्थ्य सम्बंधी घटनाओं पर अलर्ट जारी करना और उनकी पुष्टि करना, साथ ही पानी, खाद्य पदार्थों, वेक्टर-जनित और पशुजनित रोगों के नमूनों के संग्रह और विश्लेषण में सहयोग करना शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेट्रोपॉलिटन सर्विलांस यूनिट संक्रामक रोगों के प्रकोप की समय पर पहचान, रोकथाम और नियंत्रण के लिए एक प्रभावी तंत्र के रूप में कार्य करेगी। यह यूनिट नगर निकायों, स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा और पशुपालन विभाग सहित विभिन्न हितधारकों के बीच समन्वय और योजना बनाने तथा शहर की बीमारी से निपटने की क्षमता को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होगी।

मुख्यमंत्री ने सर्विलांस यूनिट के संचालन क्षेत्र और प्रयोगशाला का भी दौरा किया।

इस अवसर पर विधायक हरीश जनारथा, शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह और नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री सहित अन्य गणमान्य भी उपस्थित थे।

 

What are your Feelings
Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh