Follow

एक ही दिन में 760 ठिकानों पर रेड, करीब ₹50 लाख नकद, हाई-टेक जैमर व हथियार बरामद

Listen to this article

चंडीगढ़, 17 दिसंबर : अपराध, नशा तस्करी और संगठित गिरोहों के खिलाफ हरियाणा पुलिस ने ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन’ के तहत राज्यव्यापी स्तर पर ऐतिहासिक कार्रवाई को अंजाम दिया। खुफिया सूचनाओं के आधार पर पुलिस की विभिन्न टीमों ने एक साथ 760 चिन्हित हॉटस्पॉट्स पर दबिश दी, जहां जुआ, अवैध शराब और नशे का कारोबार सक्रिय था। नकद बरामदगी के लिहाज से यह एक दिन में किया गया अब तक का सबसे बड़ा अभियान माना जा रहा है।

इस सघन कार्रवाई में पुलिस ने 42 नए आपराधिक मामले दर्ज किए, जिनमें 6 मामले अवैध हथियारों से संबंधित हैं। अभियान के दौरान कुल 114 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 36 फरार और हिंसक अपराधी भी शामिल हैं।ऑपरेशन में गुरुग्राम पुलिस को सबसे बड़ी सफलता मिली, जहां से ₹49.50 लाख नकद बरामद किए गए। वहीं, पूरे प्रदेश में कुल ₹49.65 लाख की नकदी जब्त की गई। यह कार्रवाई अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ उनके आर्थिक नेटवर्क पर करारी चोट का स्पष्ट संदेश देती है।  

हाई-टेक उपकरणों की बरामदगी, संगठित गिरोहों की साजिश बेनकाब 

Advertisement

अभियान के दौरान पलवल पुलिस ने अपराधियों के कब्जे से वेव ब्लॉकर (जैमर), जीपीएस डिटेक्टर और पेपर स्प्रे जैसे अत्याधुनिक उपकरण बरामद किए। इसके अलावा लूटी गई कारें, मैगजीन, चाकू, 4 मोबाइल फोन और 1 सिम कार्ड भी जब्त किए गए, जो संगठित अपराध और बड़ी वारदातों की तैयारी की ओर इशारा करते हैं।

 नशा तस्करों पर करारा वार 

ऑपरेशन के तहत नशा तस्करी के नेटवर्क को भी गहरा झटका लगा। पुलिस ने राज्यभर से 4.6 किलोग्राम गांजा, 19.85 ग्राम हेरोइन और 120 ग्राम स्मैक बरामद की। अकेले फरीदाबाद जिले से 4.4 किलोग्राम गांजा पकड़ा गया। इसके साथ ही 492 देसी शराब की बोतलें और 53 लीटर अवैध शराब भी जब्त की गई।

हथियारों की बरामदगी में 5 देसी कट्टे, 4 पिस्टल और 91 जिंदा कारतूस शामिल हैं। यह अभियान नशा मुक्त हरियाणा की दिशा में जीरो टॉलरेंस नीति का मजबूत उदाहरण है।

अंतरराज्यीय अपराध पर शिकंजा, मानवीय पहल भी 

कार्रवाई के दौरान 7 लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किए गए और 3 अपराधियों के पासपोर्ट रद्द करने की सिफारिश की गई। साथ ही 24 इंटेलिजेंस रिपोर्ट्स पड़ोसी राज्यों के साथ साझा कर अंतरराज्यीय अपराध पर शिकंजा कसा गया।

मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए पुलिस ने 387 जरूरतमंद नागरिकों को सहायता भी प्रदान की, जिसमें गुरुग्राम (147) और पंचकूला (70) का योगदान उल्लेखनीय रहा।

जिलेवार बड़ी सफलताएं 

डबवाली में सीआईए कालांवाली टीम ने राजस्थान से आ रहे नशा तस्कर भागचंद उर्फ राजू लाल को 2 किलो 631 ग्राम अफीम (कीमत ₹13 लाख) के साथ गिरफ्तार किया। नरवाना (जींद) में 50 लाख की फिरौती मांगने वाले आरोपी अनूप को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद काबू किया।फरीदाबाद में साइबर ठगों और झपटमारों के कई गिरोहों का पर्दाफाश कर अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

साइबर मोर्चे पर बड़ी कामयाबी 

साइबर अपराधों पर अंकुश लगाते हुए हेल्पलाइन 1930 के माध्यम से दर्ज 291 शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की गई। पुलिस ने ₹1.62 करोड़ की रिपोर्टेड ठगी में से ₹88.27 लाख (54.4%) की राशि समय रहते फ्रीज कर दी।

इस दौरान 22 साइबर अपराधी गिरफ्तार, ₹7.99 लाख नकद बरामद, और ₹10.10 लाख की राशि पीड़ितों को रिफंड करवाई गई। भविष्य में अपराध रोकने के लिए 580 मोबाइल नंबर और 53 IMEI नंबर भी ब्लॉक किए गए।

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh