न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 30 जनवरी : पंजाब के राज्यपाल एवं यू.टी. चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने आज पंजाब लोकभवन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा दो मिनट का मौन रखकर पूज्य बापू को विनम्र श्रद्धांजलि दी गई।

राज्यपाल कटारिया ने कहा कि महात्मा गांधी ने भाषा, क्षेत्र और जातीय विविधताओं से भरे देश को एक सूत्र में पिरोकर स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी।

स्वदेशी, स्वाधीनता और स्वच्छता के उनके विचार आज भी आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि बापू का अहिंसा का संदेश बिना हथियारों के भी दुनिया को बदलने की अद्भुत शक्ति रखता है।

राज्यपाल ने कहा कि महात्मा गांधी जी का जीवन–दर्शन और कर्तव्यनिष्ठा सदैव देशवासियों को राष्ट्र निर्माण एवं मानव सेवा के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती रहेगी।

कार्यक्रम में पंजाब लोकभवन के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे और उन्होंने भी राष्ट्रपिता को सादर नमन किया।