Follow

तीर्थ यात्रा बसों के हादसे के लिए पंजाब सरकार जिम्मेदार: केवल सिंह ढिल्लों

सुरक्षा नियमों का उल्लंघन और आवश्यक दस्तावेजों के बिना चल रही हैं तीर्थ यात्रा बसें

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 15 नवंबर ( ): अमृतसर जिले में तीर्थ यात्रा बसों के साथ हुआ हादसा महज एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि सरकारी सिस्टम की लापरवाही के कारण हुई हत्याएं हैं। इसके लिए जहां बस मालिकों के खिलाफ उचित कार्रवाई होनी चाहिए, वहीं पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार सीधे तौर पर जिम्मेदार है। यह बयान भारतीय जनता पार्टी के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना की दो बसों के बीच नौशहरा पन्नूआं में हुए सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत और 18 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिया।

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि अक्टूबर 2026 में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा की बसों के यात्रियों के लिए सुरक्षित नहीं होने को लेकर नोटिस जारी किया था। इन बसों में से कुछ का पंजीकरण समाप्त हो चुका था, कुछ के पास फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं था। न तो इनका बीमा था और न ही प्रदूषण प्रमाणपत्र। इसके बावजूद ये बसें सड़कों पर कैसे चल रही थीं?

ढिल्लों ने हैरानी जताते हुए कहा कि पंजाब सरकार ने जनवरी 2026 में मानवाधिकार आयोग को बताया था कि इनमें से कोई भी बस पंजाब में पंजीकृत नहीं है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने इन बसों में अनधिकृत मॉडिफिकेशन, ड्राइवर और यात्रियों के बीच पार्टीशन, आपातकालीन निकास की कमी, खिड़कियों में अवरोध तथा आग लगने की स्थिति में आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों के अभाव जैसे आरोप लगाए थे। पंजाब के बाहर कई राज्यों में इन बसों को जब्त भी किया गया और इनके चालान भी काटे गए, लेकिन पंजाब सरकार ने अपनी हठधर्मिता नहीं छोड़ी। उल्टा भारतीय जनता पार्टी पर ही आरोप लगाए कि वह तीर्थ यात्रा योजना को बंद करवाने की कोशिश कर रही है।

Advertisement

उन्होंने कहा कि दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार भी तीर्थ यात्रा योजना चला रही है। हम पंजाब में भी तीर्थ यात्रा योजना के खिलाफ नहीं हैं। हमारी चिंता पंजाब के बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर थी, जो अब सच साबित हुई है।

केवल सिंह ढिल्लों ने अरविंद केजरीवाल से सीधा सवाल किया कि दिल्ली से लाकर पंजाब की तीर्थ यात्रा का प्रभारी नियुक्त किए गए कमल बंसल की जिम्मेदारी कौन तय करेगा? उन्होंने कहा कि केजरीवाल पंजाब के लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालकर दूसरे राज्यों की निजी बसों के माध्यम से पंजाब में बस माफिया चला रहे हैं। जबकि तीर्थ यात्रा योजना के लिए सरकारी बसों अथवा पंजाब की कंपनियों की बसों का इस्तेमाल किया जा सकता था।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh