Listen to this article
*तरनतारन में बोले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पंजाब अब बदलाव के लिए तैयार*
*तरनतारन उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में मुख्यमंत्री सैनी की बड़ी जनसभा*
चंडीगढ़, 07 नवंबर: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को पंजाब के तरनतारन जिले के चाबल कलां में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब की जनता आम आदमी पार्टी के कुशासन से अब ऊब चुकी है और जनता अब विकास व सुशासन चाहती है। उन्होंने कहा कि यह कोई साधारण चुनाव नहीं है, बल्कि यह पंजाब की दिशा तय करने वाला चुनाव है कि आने वाले वर्षों में पंजाब कैसा होगा। इस बदलाव की गारंटी भारतीय जनता पार्टी और उसके प्रत्याशी श्री हरजीत सिंह संधू हैं।
चुनावी जनसभा से पहले मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने गुरुद्वारा बीर बाबा बुड्ढा साहिब में मत्था टेक कर देश एवं प्रदेश की उन्नति की अरदास की।
मुख्यमंत्री श्री सैनी ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इन दोनों दलों ने पंजाब को पीछे धकेलने का काम किया है। कांग्रेस के शासनकाल में भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और नशे ने पंजाब को खोखला किया, जबकि आम आदमी पार्टी ने बदलाव के नाम पर केवल झूठे वादे किए। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने बच्चों की कसम खाई थी कि कांग्रेस से समझौता नहीं करेंगे, लेकिन सत्ता के लिए उन्होंने कांग्रेस और भ्रष्टाचार दोनों से समझौता कर लिया।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि जब पंजाब में बाढ़ आई थी, तब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान दोनों गायब थे। एक दिल्ली चले गए और दूसरे अस्पताल में भर्ती हो गए, जबकि उस समय हरियाणा सरकार ने अपने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पंजाब के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में हरसंभव मदद पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि तीन साल पहले जनता ने आम आदमी पार्टी को प्रचंड बहुमत दिया था, लेकिन आज वही जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा आज विकास के क्षेत्र में देश में चौथे स्थान पर है। जो योजनाएं हरियाणा में बनती हैं, वे लोगों तक सीधी पहुंचती हैं। हमने किसानों की खराब फसल का मुआवजा सीधे उनके खातों में डाला है, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ शासन चलाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार तीसरी बार बनी है और भाजपा सरकार ने अपने अधिकांश वायदे पूरे किए हैं उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया, जबकि हरियाणा में भाजपा ने किसानों, युवाओं और महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
मुख्यमंत्री सैनी ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा विकास की गति से आगे बढ़ रहा है। अब समय आ गया है कि पंजाब भी उसी दिशा में कदम बढ़ाए। अगर हरियाणा आगे बढ़ सकता है तो पंजाब क्यों नहीं? पंजाब को आगे बढ़ाना है तो कमल के फूल के साथ चलना होगा।
उन्होंने यह भी बताया कि हरियाणा सरकार ने 1984 के दंगों में अपने परिजनों को खो चुके परिवारों के लिए बड़ा निर्णय लिया है। राज्य कैबिनेट ने ऐसे परिवारों के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का फैसला किया है। इसके साथ ही श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350 वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में 1 नवंबर से कार्यक्रम शुरू हो चुके हैं, जो 25 नवंबर तक चलेंगे। मुख्य सामरोह कुरुक्षेत्र में समापन होगा। इस सामरोह के लिए माननीय प्रधानमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को आमंत्रित किया गया है।
अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की जनता अब कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के छलावे में नहीं आने वाली। यह चुनाव झूठे वादों पर नहीं, बल्कि विकास की गारंटी पर वोट देने का है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि भाजपा प्रत्याशी श्री हरजीत सिंह संधू को भारी मतों से विजयी बनाकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के हाथ मजबूत करें।
इस अवसर पर पंजाब भाजपा अध्यक्ष श्री सुनील जाखड़, भाजपा प्रत्याशी श्री हरजीत सिंह संधू, भाजपा महासचिव श्री राकेश राठौर, पूर्व मंत्री सुरजीत कुमार ज्यानी, श्री अनिल सरीन सहित कई वरिष्ठ नेता मंच पर उपस्थित रहे।
What are your
Feelings