पेट्रोल-डीजल और सीएनजी की बढ़ती कीमतों पर आप राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा का बीजेपी सरकार पर निशाना
तेल के नाम पर जनता से वसूली कर रही भाजपा सरकार, महंगाई रोकने में पूरी तरह फेल: अनुराग ढांडा
पेट्रोल-डीजल पर लाखों करोड़ का टैक्स वसूली, फिर भी जनता को राहत नहीं: अनुराग ढांडा
महंगे पेट्रोल-डीजल ने खेती, ट्रांसपोर्ट और रसोई सबको महंगा कर दिया: अनुराग ढांडा
हरियाणा की जनता महंगाई से परेशान, सीएम प्रचार में व्यस्त: अनुराग ढांडा
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 26 मई 2026 : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने मंगलवार को पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र की मोदी सरकार और हरियाणा की बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है। अनुराग ढांडा ने कहा कि देश की जनता महंगाई से कराह रही है, लेकिन भाजपा सरकारें जनता को राहत देने की बजाय टैक्स और तेल की कीमतों से लूटने में लगी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में जिस तरह लगातार पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दाम बढ़ाए गए हैं, उसने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। 15 मई से 25 मई तक सिर्फ 10 दिनों में पेट्रोल ₹7 से ज्यादा और डीजल ₹7.5 से ज्यादा महंगा हो चुका है। वहीं दिल्ली में सीएनजी के दाम भी सिर्फ 12 दिनों में चौथी बार बढ़ाए गए और कुल ₹6 प्रति किलो की बढ़ोतरी कर दी गई। आज हालात यह हैं कि जनता की कमाई बढ़ नहीं रही, लेकिन हर दिन खर्च जरूर बढ़ रहा है।
अनुराग ढांडा ने कहा कि मोदी सरकार ने पेट्रोल-डीजल को जनता की जरूरत नहीं, बल्कि कमाई का सबसे बड़ा जरिया बना दिया है। केंद्र सरकार पिछले वर्षों में पेट्रोल और डीजल पर टैक्स लगाकर लाखों करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है। पेट्रोलियम मंत्रालय और सरकारी आंकड़ों के अनुसार पिछले कुछ वर्षों में केंद्र सरकार ने एक्साइज ड्यूटी और टैक्स के जरिए करीब 44 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की वसूली की है। दूसरी तरफ सरकारी तेल कंपनियां भी लगातार हजारों करोड़ का मुनाफा कमा रही हैं। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी कंपनियों ने हाल के वर्षों में रिकॉर्ड मुनाफा दर्ज किया है, लेकिन उसका कोई फायदा आम जनता को नहीं दिया गया।
उन्होंने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम होती हैं, तब जनता को राहत नहीं दी जाती, लेकिन जैसे ही थोड़ा उतार-चढ़ाव आता है, भाजपा सरकार तुरंत जनता की जेब काटने लगती है। यह सरकार देश नहीं चला रही, बल्कि टैक्स वसूली का कारोबार चला रही है।
अनुराग ढांडा ने हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि हरियाणा एक कृषि प्रधान प्रदेश है और आने वाले दिनों में धान, ज्वार और बाजरा की खेती का सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे समय में पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने किसानों की चिंता कई गुना बढ़ा दी है। डीजल महंगा होने का सीधा असर ट्रैक्टर, सिंचाई, कटाई, बुवाई और मंडियों तक फसल पहुंचाने की लागत पर पड़ता है। पहले ही किसान महंगे बीज, खाद और कीटनाशकों की मार झेल रहा है, ऊपर से ईंधन के बढ़ते दाम खेती को और महंगा बना रहे हैं। भाजपा सरकार की गलत नीतियों की वजह से खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन किसानों को उनकी फसलों का सही दाम नहीं मिल रहा। सरकार को किसानों को राहत देने की बजाय सिर्फ टैक्स वसूली और प्रचार की चिंता है।
उन्होंने कहा कि महंगे पेट्रोल और डीजल का असर सिर्फ गाड़ियों तक सीमित नहीं रहता। डीजल महंगा होने से खेती महंगी होती है, ट्रांसपोर्ट महंगा होता है और फिर दूध, सब्जी, राशन से लेकर हर जरूरी सामान के दाम बढ़ जाते हैं। यानी भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों का बोझ सीधे आम आदमी, किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है।
अनुराग ढांडा ने कहा कि भाजपा सरकारें हर मोर्चे पर विफल साबित हुई हैं। बेरोजगारी रिकॉर्ड स्तर पर है, महंगाई लगातार बढ़ रही है और जनता परेशान है। लेकिन सरकार के मंत्री और भाजपा नेता सिर्फ प्रचार और इवेंट मैनेजमेंट में व्यस्त हैं। देश की जनता अब समझ चुकी है कि “अच्छे दिन” सिर्फ विज्ञापनों और भाषणों तक सीमित थे। जमीन पर सच्चाई यह है कि भाजपा सरकारों ने आम आदमी का जीना मुश्किल कर दिया है।
उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार तुरंत पेट्रोल, डीजल और सीएनजी पर टैक्स कम करे और हरियाणा सरकार भी वैट घटाकर जनता को राहत दे। अगर भाजपा सरकारें जनता को राहत देने में असफल रहती हैं तो आने वाले समय में जनता इसका जवाब जरूर देगी।