हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिला हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का प्रतिनिधिमंडल
प्रधान जगदीश सिंह झिंडा की अगुवाई में विभिन्न सिख संगठनों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
पंजोखरा साहिब के विषय पर मुख्यमंत्री के साथ बैठक सकारात्मक और सफल रही
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 18 अगस्त। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मंगलवार को हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान जगदीश सिंह झिंडा की अगुवाई में विभिन्न सिख संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान पंजोखरा साहिब से संबंधित विषय पर मुख्यमंत्री के साथ विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान ADGP CID सौरभ सिंह और मुख्यमंत्री के ओएसडी प्रभलीन सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
बैठक को लेकर जगदीश सिंह झिंडा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ हुई बातचीत सकारात्मक एवं सफल रही। मुख्यमंत्री ने पंजोखरा साहिब के विषय पर हर प्रकार की संभव मदद एवं सहयोग का भरोसा दिया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद 25 अगस्त को प्रस्तावित रोष प्रदर्शन अब नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी सिख संगठनों और साध संगत से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह से बचें तथा प्रदेश के हित में आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ कार्य करें।
जगदीश सिंह झिंडा ने कहा कि पंजोखरा साहिब से जुड़े विषय पर सकारात्मक बातचीत हुई है और मुख्यमंत्री की ओर से दिए गए आश्वासन के बाद अब सभी पक्षों को शांतिपूर्ण एवं सकारात्मक तरीके से आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने साध संगत से भी किसी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करने की अपील की।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
