Follow

एनडीसी अधिकारियों ने यूटी चंडीगढ़ सचिवालय में मुख्य सचिव एच राजेश प्रसाद से की भेंट

Listen to this article

46 सप्ताह का यह पाठ्यक्रम राष्ट्रीय सुरक्षा एवं सामरिक अध्ययन पर है केंद्रित : रियर एडमिरल संदीप सिंह संधू 

न्यूज़म ब्यूरो 

चंडीगढ़, 3 फरवरी 2026। राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय (नेशनल डिफेन्स कॉलेज–एनडीसी), नई दिल्ली के 66वें पाठ्यक्रम के अधिकारियों ने आज अपने अध्ययन दौरे के तहत यूटी चंडीगढ़ सचिवालय, सेक्टर-9 में यूटी चंडीगढ़ के मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रशासन के गृह सचिव मंदीप सिंह बराड़ सहित वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Advertisement

एनडीसी के फैकल्टी-इन-चार्ज, रियर एडमिरल संदीप सिंह संधू ने राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय की भूमिका और उद्देश्य के बारे में जानकारी दी तथा 66वें एनडीसी पाठ्यक्रम के अधिकारियों का परिचय कराया। उन्होंने बताया कि 46 सप्ताह का यह पाठ्यक्रम राष्ट्रीय सुरक्षा एवं सामरिक अध्ययन पर केंद्रित है, जिसे विभिन्न विषयगत मॉड्यूल्स के माध्यम से संचालित किया जाता है। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि अध्ययन दौरा पाठ्यक्रम का अभिन्न हिस्सा है, जिसका उद्देश्य प्रतिभागियों को भारत की प्रशासनिक एवं विकासात्मक संरचना की व्यापक समझ प्रदान करना है।

यूटी चंडीगढ़ के वित्त सचिव दिप्रावा लाकड़ा ने आगंतुक अधिकारियों के समक्ष चंडीगढ़ के ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य, प्रशासनिक ढांचे तथा विकासात्मक स्वरूप पर संक्षिप्त प्रस्तुति दी।

संवाद के दौरान मुख्य सचिव ने चंडीगढ़ के विभिन्न प्रशासनिक पहलुओं पर अपने विचार साझा किए।

उन्होंने राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय की उस महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित किया, जिसके माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों को राष्ट्रीय सुरक्षा, सामरिक योजना एवं सार्वजनिक नीति के क्षेत्र में नेतृत्वकारी दायित्वों के लिए तैयार किया जाता है, विशेष रूप से नागरिक-सैन्य समन्वय के माध्यम से। इस दौरान मुख्य सचिव एवं चंडीगढ़ प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने यूटी चंडीगढ़ से संबंधित आगंतुक प्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न प्रश्नों का स्पष्टीकरण दिया।

इस अवसर पर भारत सहित मित्र देशों—बांग्लादेश, मिस्र, इंडोनेशिया, मलेशिया एवं नेपाल—के अधिकारियों ने राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय में अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक अनुभव भी साझा किए।

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh